उत्तराखंड में 38th National Games का आज से औपाचारिक शुभारंभ हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खेलों के इस महाकुंभ का उद्घाटन करेंगे। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि उत्तराखंड पूरी तरह तैयार है। पीएम के आगमन की तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं।
राष्ट्रीय खेलों में कुल 35 खेलों से जुड़ी 45 स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। इनमें दो प्रदर्शनी खेल शामिल हैं। खेल स्पर्धाओं में 9720 खिलाड़ी दांव पर लगे 3674 पदकों के लिए आपस में भिड़ेंगे।
मंगलवार शाम छह बजे राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के रजत जयंती खेल परिसर में पीएम मोदी राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ ही केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे व भारतीय ओलिंपिक एसोसिएशन की अध्यक्ष पीटी उषा उपस्थित रहेंगे। विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और देश के कई विशिष्ट अतिथियों को भी उद्घाटन समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है।
उत्तराखंड है तैयार..
आज आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी की गरिमामयी उपस्थिति में हमारे राज्य में 38वें राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ हो रहा है जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है।
देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि बनने का हमारा संकल्प निश्चित रूप से शिखर तक पहुँचेगा। आइये हम सभी… pic.twitter.com/WlrWZTxDue
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) January 28, 2025
दो घंटे तक पीएम देखेंगे योजनाओं का हाल
प्रधानमंत्री तीन बजे ही देहरादून पहुंच जाएंगे। चार से छह बजे तक उत्तराखंड में चल रहीं योजनाओं की हकीकत जानेंगे। इसके बाद स्टेडियम में राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए गायक जुबीन नौटियाल, पवनदीप राजन और पांडवाज ग्रुप अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा चार हजार से अधिक कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से समारोह में रंग भरेंगे। समारोह में हरित पटाखों का प्रयोग किया जाएगा।
पिथौरागढ़ से देहरादून तक होंगे खेल
राष्ट्रीय खेलों का आयोजन 10 शहरों में किया जा रहा है। इनमें सीमांत पिथौरागढ़ से लेकर राजधानी देहरादून तक शामिल है। इन खेलों की 45 स्पर्धाओं में 3674 पदक दांव पर रहेंगे। इनमें 1120 स्वर्ण, 1120 रजत और 1434 कांस्य पदक शामिल हैं। सबसे अधिक 198 पदक एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में होंगे।
ट्रायथलान से शुरू हो चुकी स्पर्धा
बतादें कि राष्ट्रीय खेल 26 जनवरी से ही शुरू हो चुके हैं। हल्द्वानी में ट्रायथलान खेल से नेशनल गेम्स का आगाज हो चुका है। आज पीएम औपाचरिक उद्घाटन करेंगे। उत्तराखंड इन खेलों में लगभग 750 प्रतिभागियों का दल उतार रहा है। मेजबान राज्य होने के नाते उत्तराखंड को सभी खेलों में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। ऐसे में उत्तराखंड इन खेलों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहा है।