Roorkee में बवाल : खानपुर विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के बीच का विवाद खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। इनकी अदावत में आम जनता परेशान हो रही है। शुक्रवार को विधायक उमेश कुमार के समर्थन में लक्सर में होने वाली सर्व समाज की बैठक स्थगित होने के बावजूद अलग-अलग स्थानों से बड़ी संख्या में विधायक समर्थक लक्सर पहुंच गए। बैठक को लेकर पहले से अलर्ट पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। लेकिन, वह नहीं माने इसके बाद गोवर्धनपुर में पुलिस के रोके जाने से नाराज समर्थकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें कुछ पुलिसकर्मियों को चोट आई। जिसके बाद पुलिस ने भी लाठियां भांजकर उन्हें दौड़ाया। मामले में 450 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें विधायक उमेश कुमार का नाम भी शामिल है। स्थानीय लोगों में इस बात पर काफी रोष है कि पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। अगर, विधायक और पूर्व विधायक की ओर से ऐसा आचरण किया जाएगा तो समाज को क्या संदेश जाएगा।
आह उत्तराखंड!
दोनों ही गलत, दोनों ही बेलगाम। यह गाली-गलौच, फायरिंग, दबंगई हमारा कल्चर नहीं है। उत्तराखंड के लोग सोचें क्या आने वाले दिनों में ऐसे दृश्यों को आम होने देना चाहते हैं। सवाल बड़ा है, एक बार गौर कीजिएगा। pic.twitter.com/T0HhqSFyvO— Arjun Rawat (@teerandajarjun) January 26, 2025
लक्सर में भी लोगों ने किसान विद्यालय इंटर कॉलेज के मैदान में बैठक करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए भीड़ को तितर बितर कर दिया। इस दौरान बिजनौर से आया एक युवक चोटिल हो गया। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया, जिन्हें बाद में मौके पर ही छोड़ दिया गया।
बतादें कि खानपुर विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन के बीच चल रहा विवाद हिंसक रूप लेता जा रहा है। इससे 25 जनवरी को उमेश कुमार ने चैंपियन के घर जाकर ललकारा था। इसके बाद 26 जनवरी को चैंपियन ने उमेश कुमार के कार्यालय पर हवाई फायर किया था। उसी दिन उमेश कुमार बंदूक लेकर चैंपियन के घर जाने के लिए निकले मगर समर्थकों ने उन्हें रोक लिया। इन दोनों घटनाक्रम का वीडियो खूब वायरल हुआ है।
31 जनवरी के घटनाक्रम के अनुसार, खानपुर विधायक उमेश कुमार ने अपने लक्सर स्थित कार्यालय पर सर्व समाज की बैठक बुलाई थी। लेकिन बाद में इसे स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद भी गाजियाबाद, नोएडा, पुरकाजी, मुज्जफरनगर और बिजनौर आदि जनपदों से उनके समर्थन में लोग लक्सर पहुंचे।
चार घंटे तक चला पथराव
बताया जा रहा है कि बवाल करीब चार घंटे तक चला। पुलिस ने जब लाठियां भांजनी शुरू की तो विधायक समर्थकों को वापस लौटना पड़ा। एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि बैठक की अनुमति नहीं दी गई थी। कुछ लोगों ने बैठक के लिए अनुचित तरीका अपनाते हुए अनावश्क दबाव बनाने और माहौल खराब करने का प्रयास किया। एक स्थान पर पुलिस पर पथराव भी किया गया। जिसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पथराव कर कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वालों को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।