Uttarakhand में विधानसभा चुनाव 2027 में हैट्रिक बनाने की जिम्मेदारी भाजपा ने युवा चेहरों को सौंपी है। लगातार तीसरी बार सरकार गठन को ध्यान में रखकर संगठन का विस्तार किया गयाहै। इस बहु-प्रतीक्षित विस्तार में महिलाओं-युवाओं पर अधिक भरोसा जताया गया है। जातिगत संतुलन को भी ध्यान में रखा गया है। लंबे मंथन के बाद संतुलन के साथ भाजपा की नई टीम घोषित की गई। इसमें पहाड़-मैदान के संतुलन के साथ ही सांसदों की हिस्सेदारी भी नजर आई है। संगठन में राष्ट्रीय स्तर पर सेवा दे रहीं दीप्ति रावत, डा. स्वराज विद्वान के साथ नेहा जोशी को राज्य में जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी को लगता है कि अब तक धामी सरकार का प्रदर्शन अच्छा रहा है। इसलिए देवभूमि में एंटी इंकम्बेंसी जैसी कोई बात नजर नहीं आ रही है। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखकर भाजपा ने अपनी नई टीम बनाई है। युवा मुख्यमंत्री के नेतृत्व के साथ संगठन ने इस बार नई टीम के चुनाव में लंबा मंथन किया। हैट्रिक लगाने के लिए सभी समीकरणों को साधते हुए पदाधिकारियों का चयन किया गया है। कई पुराने चेहरों पर संगठन ने लगातार भरोसा बनाकर रखा तो कई ऐसे चेहरे भी लाए गए जो कि राष्ट्रीय स्तर पर संगठन से जुड़े हुए थे।



सांसदों के करीबियों के नाम इस सूची में शामिल होने से ये भी तय हो गया है कि उनकी भागीदारी भी इस सूची में शामिल है। उनके करीबियों को अहम पदों पर मौका दिया गया है। वहीं, संगठन में पहली बार महिला महामंत्री के पद पर दीप्ति रावत को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही दो उपाध्यक्ष और दो मंत्परी द पर महिला नेताओं को मौका दिया गया है। उम्र के लिहाज से देखें तो ज्यादातर पदाधिकारी 40 से 50 के बीच के हैं। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कहना है कि युवा, महिला और अनुभवी पदाधिकारियों की ये टीम मिशन 2027 को फतह करेगी।
रुचि चौहान भट्ट प्रदेश महिला मोर्चा संभालेंगी
रुचि चौहान भट्ट को महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। महेंद्र सिंह नेगी किसान मोर्चा का जिम्मा संभालेंगे। ओबीसी मोर्चा की प्रदेश की जिम्मेदारी नेत्रपाल मौर्य के पास होगी। वहीं एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का जिम्मा बलवीर घुनियाल, एसटी मोर्चा डा. प्रेम सिंह राणा, अल्पसंख्यकर मोर्चा अनीस गौड़ को सौंपा गया है।
8 को प्रदेश मंत्री का जिम्मा
सतीश लखेड़ा, आदित्य चौहान, नलिन भट्ट, दीपिका बोहरा, नेहा जोशी, गुंजन सुखीजा, निर्मल मेहरा और गौरव पांडेय प्रदेश मंत्री बनाए गए हैं।
हरिद्वार को खास तवज्जो
हरिद्वार जिले से 4 नेताओं को टीम में जगह मिली है। पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद को बतौर उपाध्यक्ष शामिल किया गया है। उनके और आशा नौटियाल के अलावा अनिल गोयल, राजेंद्र सिंह बिष्ट, श्रीपाल राणा, शैलेंद्र सिंह बिष्ट, राकेश गिरी और डा. सरोज विद्वान को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। पर्वतीय जिलों में गढ़वाल के साथ कुमाऊं से भी पूरी भागीदारी रखी गई है।
संगठन में हैट्रिक, मनवीर चौहान तीसरी बार प्रदेश मीडिया प्रभारी
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान पर पार्टी ने तीसरी बार भरोसा जताया है। वर्ष 2019 में उनकी नियुक्ति के बाद वह तीसरी बार चुने गए हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में बेहतर मीडिया प्रबंधन के लिए उन्हे पार्टी की ओर से तीसरी बार नियुक्ति को इनाम के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, प्रदेश कोषाध्यक्ष के पद पर पुनीत मित्तल पर लगातार तीसरी बार भरोसा कायम रहा। प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान पर भी लगतार तीसरी बार संगठन ने भरोसा दिखाया।
कुमाऊं के नेताओं का बढ़ा कद
भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी में कुमाऊं का कद बढ़ा है। नैनीताल जिले के छह नेताओं समेत कुल 17 लोगों को प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश महामंत्री रहे राजेंद्र सिंह बिष्ट को अब प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है। पूर्व दर्जा राज्य मंत्री तरुण बंसल प्रदेश महामंत्री, साकेत अग्रवाल प्रदेश सह कोषाध्यक्ष, कौस्तुभानंद जोशी को प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक और प्रदीप जनौटी को प्रदेश मीडिया सह संयोजक की जिम्मेदारी मिली है। रुद्रपुर के तीन, काशीपुर के दो, पिथौरागढ़ के तीन और चंपावत, बागेश्वर व अल्मोड़ा के एक-एक नेता को टीम में शामिल किया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर नेताओं का कहना है कि आगामी लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी की मजबूती पर जोर दिया जाएगा।