सहस्रधारा आपदा : इस वर्ष मानसून ने उत्तराखंड को बहुत गहरा जख्म दिया है। धराली-थराली से लोग उबरे नहीं थे कि जाते-जाते मानसून से सहस्त्रधारा में एक और जख्म दे दिया। अब तक अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इनमें छह मृत लोग प्रेमनगर अस्पताल में परवल क्षेत्र से लाए गए। सहस्त्रधारा से बह कर आए तीन मृत कोरोनेशन अस्पताल में रखे गए। और एक की मौत नया गांव क्षेत्र में हुई है। तमसा नदी उफान पर है। इसके साथ ही ऐतिहासिक टपकेश्वर महादेव मंदिर भी जलमग्न हो गया। कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। करीब 100 लोगों को रेस्क्यू कर बचाया गया है। बादल फटने के बाद देहरादून के सभी स्कूल मंगलवार के लिए बंद कर दिए गए हैं।
भारी बारिश से देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालतप्पड़ पुल की एप्रोच रोड बह गई। भारी बारिश के कारण लालतप्पड़ क्षेत्र में भी काफी नुकसान हुआ है। थानों और भोगपुर की पहाड़ियों में हुईं भारी बारिश के कारण जाखन नदी में उफान आ गया। जिससे बड़कोट और थानों वन रेंज से दर्जनों बड़े पेड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालतप्पड़ जाखन पुल के नीचे फंस गए। जिससे बाढ़ का पानी ओवरफ्लो होकर पुल के ऊपर से बहने लगा। दर्जनों लोगों के घरों में भी घुस गया। वहीं कई खेत भारी कीचड़ से भर गए। पुल के पास स्थित देवी के मन्दिर परिसर में कीचड़ भर गया। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर दोनों तरफ के ट्रैफिक को रुकवाया।
सोमवार रात हुई भारी बारिश से देहरादून-पांवटा राजमार्ग पर नंदा की चौकी (देहरादून) में स्थित पुल को जोड़ने वाली सड़क के बह जाने से यातायात बाधित हो गया है।#Dehradun#Paonta#NationalHighway#Uttarakhand pic.twitter.com/O45Qf2M1VG
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) September 16, 2025
उत्तराखंड में मौसम का कहर जारी है। देहरादून में सहस्त्रधारा कार्लीगाड क्षेत्र में सोमवार देर रात बादल फटने से काफी नुकसान हो गया। कई दुकानें पानी की तेज धारा में बह गईं। मालदेवता में पुल की एप्रोच रोड टूट गई है। उफनाई नदियों ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी उफान पर है। एसडीआरएफ ने नदी में फंसे तीन लोगों को रेस्क्यू किया है। वहीं, देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय मार्ग पर फन वैली और उत्तराखंड डेंटल कॉलेज के नजदीक स्थित पुल क्षतिग्रस्त हो गया है।
पीएम ने धामी से की बात
देहरादून में आई बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे धामी ने बताया, ‘घरों और सरकारी संपत्तियों को भारी नुकसान हुआ है। जनजीवन प्रभावित हुआ है। हम हालात को पटरी पर लाने के लिए काम कर रहे हैं। कई जगहों पर संपर्क टूट गया है। नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। हमारे सभी विभाग युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज सुबह मुझसे बात की और पूरी जानकारी ली। उन्होंने हमें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। हम इस आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए काम कर रहे हैं।