राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर होने वाले कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी Uttarakhand आएंगे। पहले उनका आगमन 11 नवंबर को होने वाला था। मगर, कायक्रम में बदलाव हो गया है। अब वह 9 नवंबर को आएंगे। इसी दिन राज्य का गठन होगा। रजत जयंती के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी आने वाली हैं। वह विशेष सत्र को संबोधित करेंगी। धामी सरकार रजत जयंती समारोह को यादगार बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को देखते हुए कुछ कार्यक्रमों में बदलाव किया गया है। रजत जयंती समारोह के उपलक्ष्य में होने वाले कार्यक्रमों में अब पुलिस परेड 7 नवंबर को होगी, जबकि मुख्य कार्यक्रम 9 नवंबर को एफआरआई परिसर में होगा, जहां पीएम मोदी प्रदेश की जनता को संबोधित करेंगे। उत्तराखंड इस वर्ष अपने रजत जयंती यानी 25 वर्ष पूरे कर रहा है। इसके लिए राज्य सरकार एक नवंबर से लेकर नौ नवंबर तक कार्यक्रम आयोजित कर रही है। पहले रजत जयंती समोराह का समापन प्रधानमंत्री की उपस्थिति में 11 नवंबर को होना था। इसके लिए प्रदेश सरकार ने फारेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट (एफआरआइ) परिसर में मुख्य कार्यक्रम की रूपरेखा भी तैयार की थी। उनके पूरे कार्यक्रम की सूचना का शासन इंतजार कर रहा था। इस बीच प्रधानमंत्री कार्यालय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम के बदलाव के संबंध में शासन को सूचना प्रेषित की।

इसके तहत प्रधानमंत्री नौ नवंबर को उत्तराखंड आएंगे। अब इस कड़ी में शासन ने भी कार्यक्रमों में बदलाव किया है। इसके तहत पुलिस लाइन में सात नवंबर को रैतिक परेड का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सम्मिलित होंगे। नौ नवंबर को एफआरआइ परिसर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत यहां एक पवेलियन बनाया जाएगा। जहां सभी विभागों की उपलब्धियों व भावी योजनाओं को प्रदर्शित किया जाना है। साथ ही यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। प्रधानमंत्री यहीं से प्रदेश की जनता को संबोधित भी करेंगे। कार्यक्रम में बदलाव को देखते हुए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बृहस्पतिवार को अधिकारियों की बैठक बुलाई है। इस बैठक में प्रधानमंत्री के उत्तराखंड दौरे के दृष्टिगत तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कार्यक्रम में बदलाव की पुष्टि की है।










