प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी यूपीसीएल ने अपने नियमित अधिकारियों और कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। निगम प्रबंधन ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के साथ समझौता कर कर्मचारियों को 1 करोड़ 20 लाख रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। समझौते के तहत सभी नियमित कर्मचारियों के वेतन खाते यूनियन बैंक में कॉरपोरेट सैलरी अकाउंट के रूप में संचालित किए जाएंगे। निगम के अनुसार, खाते खोलने पर कर्मचारियों से किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। योजना के अंतर्गत कर्मचारियों को दो श्रेणियों में विभाजित किया गया है। 25 हजार से 74,999 रुपये तक वेतन पाने वाले कर्मचारियों को एक श्रेणी में तथा 75 हजार रुपये या उससे अधिक वेतन पाने वालों को दूसरी श्रेणी में रखा गया है। 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के कर्मचारियों को 1.20 करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा।
इसके अतिरिक्त स्थायी एवं आंशिक दिव्यांगता की स्थिति में भी बीमा लाभ प्रदान किए जाएंगे। बच्चों की शिक्षा और चिकित्सा सहायता के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं। बैंक की ओर से एटीएम कार्ड, चेकबुक तथा अन्य बैंकिंग सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। निगम प्रबंधन का कहना है कि इस पहल से कर्मचारियों और उनके परिवारों को आपात परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा मिलेगी। यह कदम कर्मचारियों के सामाजिक सुरक्षा कवच को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।








