Uttarakhand सरकार ने शनिवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 29 आईएएस, पीसीएस और सचिवालय सेवा के अधिकारियों के तबादले कर दिए। कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेशों में गढ़वाल मंडलायुक्त, दो जिलों के जिलाधिकारियों समेत कई अहम पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं। गढ़वाल मंडलायुक्त विनय शंकर पांडे की जगह अब आनंद स्वरूप को नई जिम्मेदारी दी गई है। वहीं विनय शंकर पांडे को स्वास्थ्य और नागरिक उड्डयन विभाग का दायित्व सौंपा गया है। सचिव स्वास्थ्य रहे आईएएस सचिन कुर्वे के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद यह बदलाव किया गया।
देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल को सचिव नियोजन बनाया गया है। उनकी जगह नागरिक उड्डयन विभाग में तैनात आईएएस आशीष चौहान अब देहरादून के नए डीएम होंगे। बागेश्वर की जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे को महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा नियुक्त किया गया है जबकि शासन में अपर सचिव रहीं अपूर्वा पांडे को बागेश्वर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
कई विभागों में बदली जिम्मेदारियां
सरकार ने सचिव पशुपालन डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम को उच्च शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया है। वहीं रंजीत कुमार सिन्हा से उच्च शिक्षा विभाग वापस लेकर उन्हें केवल तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आईएएस सोनिका से आयुक्त कर और महानिरीक्षक निबंधन का दायित्व वापस लिया गया है, जबकि अन्य विभाग उनके पास बने रहेंगे। आईएएस मनुज गोयल से मिशन निदेशक एनएचएम का पद हटाया गया है, लेकिन वे तकनीकी शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग में अपर सचिव बने रहेंगे।


आईएएस संजय कुमार को कौशल विकास के साथ समाज कल्याण निदेशक की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। अभिषेक रुहेला अब पर्यटन विभाग के साथ पीएमजीएसवाई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भी होंगे। सौरभ गहरवार को अपर सचिव आपदा प्रबंधन का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।
अपर सचिव आईटी आलोक कुमार पांडे को नगर आयुक्त नगर निगम बनाया गया है। नगर आयुक्त नमामि बंसल अब अपर सचिव विद्यालयी शिक्षा होंगी। संदीप तिवारी को मिशन निदेशक एनएचएम बनाया गया है। दीप्ति सिंह को विद्यालयी शिक्षा विभाग से हटाकर अल्पसंख्यक कल्याण, खेल और कल्याण निगम की जिम्मेदारी दी गई है। प्रतीक जैन को आयुक्त कर एवं महानिरीक्षक निबंधन बनाया गया है।
पीसीएस और सचिवालय सेवा अधिकारियों के भी तबादले
सरकार ने आठ पीसीएस और दो सचिवालय सेवा अधिकारियों के तबादले भी किए हैं। गिरधारी सिंह रावत को कार्मिक के साथ आईटी विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इलागिरी को दुग्ध विकास और महिला डेयरी विभाग का निदेशक बनाया गया है। सुंदरलाल को अपर सचिव सचिवालय प्रशासन बनाया गया है। महावीर चौर को लोक निर्माण विभाग का अतिरिक्त दायित्व मिला है। सुनील सिंह को गृह विभाग में अपर सचिव नियुक्त किया गया है। फिंचाराम को एडीएम हरिद्वार से हटाकर एडीएम पौड़ी भेजा गया है। अनिल गर्ब्याल को परिवहन निगम का एमडी बनाया गया है। योगेश मेहरा को एसडीएम हरिद्वार और प्रमोद कुमार को एसडीएम चंपावत भेजा गया है।
सचिन कुर्वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर
2013 बैच के आईएएस सचिन कुर्वे को केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है। उन्हें चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी का चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। वे अभी तक उत्तराखंड में सचिव स्वास्थ्य की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।










