उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग ने यह परिणाम एक दिसंबर 2025 को घोषित संशोधित मुख्य परीक्षा परिणाम के आधार पर 27 मार्च से 21 अप्रैल 2026 तक आयोजित साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड परीक्षण और चिकित्सीय परीक्षण के बाद जारी किया है।
परिणाम के अनुसार राज्य को नौ नए डिप्टी कलेक्टर मिले हैं। डिप्टी कलेक्टर पद पर जसमीत कौर ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि वर्षा जोशी दूसरे स्थान पर रहीं। इसके अलावा आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियां, वायरल शर्मा, उज्जवल डालाकोटी और काजल सैनी का भी चयन डिप्टी कलेक्टर पद पर हुआ है।
आयोग ने पुलिस अधीक्षक (गृह विभाग) पद के लिए 10 अभ्यर्थियों, जिला कमांडेंट होमगार्ड (गृह विभाग) के लिए पांच अभ्यर्थियों तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी और कार्याधिकारी जिला पंचायत के एक-एक पद पर अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया है। इसके अतिरिक्त जिला ग्रामोद्योग अधिकारी पद पर छह, उप शिक्षा अधिकारी पद पर 58, परिवीक्षा अधिकारी (महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग) पद पर एक, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी पद पर 14, सहायक आयुक्त राज्य कर (वित्त विभाग) पद पर 16, राज्य कर अधिकारी (वित्त विभाग) पद पर 53 तथा सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी (शहरी विकास विभाग) पद पर सात अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।







पुलिस उपाधीक्षक पद पर अदिति पुनेठा, ऐश्वर्या भट्ट, मनीष चंद्र रमोला, संदीप कुमार पटेल, शताक्षी शर्मा, सक्षम, गोविंद पांडेय, हिमांशु दिवाकर, श्रेया सिंह और प्रकृति नेगी चयनित हुए हैं। पीसीएस परीक्षा-2024 के परिणाम में पहले और दूसरे स्थान पर बेटियों का दबदबा रहा। जसमीत कौर और वर्षा जोशी ने शीर्ष दो स्थान हासिल कर महिला अभ्यर्थियों की उत्कृष्ट सफलता का परचम लहराया।










