मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ-2027 की तैयारियों और राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए कुल 191 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों में बाढ़ सुरक्षा कार्य, सड़क निर्माण, शासकीय आवास, बिजली परियोजनाएं, पार्किंग, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने देहरादून जिले के रायपुर विधानसभा क्षेत्र में सांग नदी के चैनलाईजेशन के लिए 3.62 करोड़ तथा विकासनगर कॉलोनी में नलकूप निर्माण के लिए 63.62 लाख मंजूर किए हैं। वहीं हरिद्वार में पुराना दिल्ली-नीतिपास राज्य मार्ग और अन्य आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए 21.64 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
टिहरी गढ़वाल के नरेंद्रनगर स्थित बाह्य न्यायालय परिसर में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए आवास निर्माण कार्यों को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा हरिद्वार स्थित राजकीय विशेष गृह परिसर में सुरक्षा भवन निर्माण के लिए 5.55 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए नैनीताल जिले के रामगढ़ ब्लॉक स्थित मोहन बाजार मुक्तेश्वर में कार पार्किंग निर्माण के लिए 9.89 करोड़ मंजूर किए गए हैं। वहीं बागेश्वर जिले के कांडा क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण के लिए 5.41 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है।

ऊर्जा क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन को आरडीएसएस योजना के तहत संचालित कार्यों के लिए 70 करोड़ जारी करने की मंजूरी दी है। साथ ही निर्माणाधीन योजनाओं के लिए 25 करोड़ अंशपूंजी तथा भवनों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों को शिफ्ट करने के लिए 5 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में श्री प्रेमनगर आश्रम गंगा घाट के सौंदर्यीकरण के लिए 1.50 करोड़ तथा ऋषिकेश के वीरभद्र बैराज से चंडी घाट हरिद्वार तक सड़क के मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए 4.68 करोड़ मंजूर किए गए हैं। इसके अतिरिक्त ऋषिकेश की आस्था पथ परियोजना के सौंदर्यीकरण के लिए 35.78 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास के तहत पिथौरागढ़ जिले के कनालीछीना विकासखंड स्थित सुरूण गांव में कालसीन देवता मंदिर परिसर में धर्मशाला निर्माण, मार्ग चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए 27 लाख तथा टिहरी जिले के नैनबाग क्षेत्र के विरोड़ गांव स्थित प्राचीन नाग देवता मंदिर के पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 49.86 लाख की धनराशि मंजूर की गई है।
यह भी पढ़ें : UKPSC PCS Result 2024 : जसमीत कौर ने किया टॉप, उत्तराखंड को मिले नौ नए डिप्टी कलेक्टर










