मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर चारधाम यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने यात्रियों के पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच और ठहरने की सुविधाओं का जायजा लेने के साथ विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से यात्रा व्यवस्थाओं पर फीडबैक भी लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को रजिस्ट्रेशन के लिए इंतजार न करना पड़े। बढ़ती गर्मी को देखते हुए ट्रांजिट कैंप में अतिरिक्त कूलर लगाने तथा पेयजल समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने को कहा।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बेहतर भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद किया तथा उन्हें अपने स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं का अतिथि देवो भव: की भावना के साथ स्वागत किया जाए और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार से आए श्रद्धालुओं ने पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, आवास और अन्य व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। कई बुजुर्ग यात्रियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं का कुशलक्षेम जाना और उन्हें सुरक्षित एवं सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।










