उत्तराखंड में बुनियादी ढांचे के विकास और आर्थिक प्रगति को गति देने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ा वित्तीय पैकेज जारी किया है। केंद्रीय वित्त मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आदेश के अनुसार, राज्य को पूंजीगत निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता (SASCI) योजना के तहत कुल 2355.54 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस बड़ी वित्तीय मदद से राज्य में सड़क, स्वास्थ्य और पर्वतीय कनेक्टिविटी से जुड़े प्रोजेक्ट्स को समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी। पूंजीगत बजट की इस मदद से सुदूर ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में ढांचागत सुविधाओं को सुधारा जाएगा जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और पर्यटन व बागवानी जैसे क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा।
इस बड़ी वित्तीय सहायता पर खुशी जताते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार उत्तराखंड के चहुंमुखी विकास के लिए लगातार पूरा सहयोग दे रही है। हमारी सरकार माननीय प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम कर रही है।










