उत्तराखंड के प्रतिष्ठित सांस्कृतिक एवं फिल्म सम्मान समारोह यंग उत्तराखंड सिने अवार्ड्स (YUCA) 2026 के नामांकनों की घोषणा कर दी गई है। देहरादून में यंग उत्तराखंड संस्था द्वारा एक प्रेस वार्ता में फिल्म एवं संगीत श्रेणी के नामांकनों की औपचारिक घोषणा की गई तथा कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्य से मीडिया को अवगत कराया गया। संगीत कैटेगिरी में चांदनी इंटरप्राइजेज के गीत ‘पंचाचूली देश’ को सभी नौ कैटेगिरी में नॉमिनेट किया गया।
इस वर्ष यंग उत्तराखंड लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से उत्तराखंड के प्रसिद्ध वयोवृद्ध अभिनेता विमल बहुगुणा को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोकगायक एवं जागर सम्राट पद्मश्री प्रीतम भरतवाण को गोपाल बाबू गोस्वामी लीजेंड्री सिंगर अवार्ड प्रदान किया जाएगा।
संस्था ने बताया कि नामांकन एवं मूल्यांकन प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए एक ज्यूरी टीम का गठन किया गया, जिसमें संस्कृतिकर्मी, पत्रकार, फिल्म एवं संगीत जगत एवं से जुड़े अनुभवी विशेषज्ञों ने ज्यूरी सदस्य के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फिल्मों की ज्यूरी
रंगकर्मी एवं अभिनेत्री श्रीमती चंद्रा बिष्ट, पूर्व निदेशक (एफटीआईआई, पुणे) भूपेन्द्र कैथोला, रंगकर्मी एवं फिल्म निर्माता-निर्देशक मनोज चंदोला, लेखक, निर्देशक, फिल्म समीक्षक जयप्रकाश पंवार ‘जेपी, लेखक, रंगकर्मी एवं फिल्म निर्माता-निर्देशक जगत किशोर गैरोला, निर्माता-निर्देशक राहुल सिंह बोरा, पत्रकार एवं लेखक मनु पंवार ।
संगीत श्रेणी का निर्णायक मंडल
लोकगायिका श्रीमती सुनीता भट्ट (बेलवाल), लोकगायक एवं संगीतकार वीरेन्द्र नेगी ‘राही’, लोकगायक एवं संगीतकार आलोक मलासी, गायक एवं रंगकर्मी पदमेंद्र रावत, वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी चारू तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार, लेखक, संपादक एवं सांस्कृतिक शोधकर्ता मनोज इष्टवाल।
फिल्म श्रेणी के नामांकन

संगीत श्रेणी के नामांकन –

सर्वश्रेष्ठ फिल्म को ₹1.00 लाख का विशेष सम्मान राशि
YUCA आयोजन समिति ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि इस वर्ष यंग उत्तराखंड सिने अवाईस 2026 में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार जीतने वाली फिल्म के निर्माता को ट्रॉफी के साथ ₹1 लाख की सहयोग राशि भी प्रदान की जाएगी।
संस्था ने बताया कि यह विशेष पुरस्कार राशि मनोज चंदोला के कुशल मार्गदर्शन में संचालित सामाजिक संस्था ‘अभिव्यक्ति की कार्यशाला’ की ओर से प्रदान की जाएगी। संस्था का मानना है कि यह पहल उत्तराखंड के फिल्म निर्माताओं के लिए एक महत्वपूर्ण प्रोत्साहन साबित होगी। इससे न केवल क्षेत्रीय सिनेमा को आर्थिक सहयोग मिलेगा, बल्कि युवा एवं उभरते फिल्म निर्माता भी बेहतर गुणवत्ता की फिल्मों के निर्माण के लिए प्रेरित होंगे।
संस्था ने जानकारी दी कि सभी श्रेणियों के अंतिम विजेताओं की घोषणा 30 अगस्त 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले यंग उत्तराखंड सिने अवार्ड्स 2026 के भव्य समारोह के दौरान की जाएगी।
इस अवसर पर संस्था के मुख्य प्रवक्ता चंद्रकांत नेगी (ने कहा कि यंग उत्तराखंड का उद्देश्य उत्तराखंड की क्षेत्रीय फिल्मों एवं संगीत जगत से जुड़े कलाकारों को उनकी प्रतिभा, समर्पण और वर्षों की मेहनत का उचित सम्मान दिलाना है। उन्होंने कहा कि स्थानीय फिल्म और संगीत उद्योग को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिले, उसकी गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो तथा युवा कलाकारों को एक सशक्त मंच प्राप्त हो- इन्हीं उद्देश्यों के साथ संस्था पिछले एक दशक से निरंतर यंग उत्तराखंड सिने अवाई का आयोजन कर रही है।
यंग उत्तराखंड की स्थापना वर्ष 2004 में इंटरनेट के माध्यम से उत्तराखंड के युवाओं द्वारा की गई थी। संस्था समय-समय पर पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर, कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम, आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों को सहायता तथा कला एवं संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु अनेक सामाजिक गतिविधियों का सफलतापूर्वक संचालन करती रही है। यंग उत्तराखंड सिने अवार्ड इसी सांस्कृतिक अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
प्रेस वार्ता में संस्था के वरिष्ठ सदस्य विवेक पटवाल, केसीएस रावत एवं सुभाष कांडपाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।










