Kathua Terrorist Attack : उत्तराखंड के लोगों की आंखें नम हैं क्यों कि देवभूमि के पांच जवानों ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। वीरगति को प्राप्त हुए सभी जवानों के पार्थिव शरीर देहरादून एयरपोर्ट लाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोपहर दो बजे तक सेना का विशेष विमान पहुंच जाएगा।
बलिदानियों में रुद्रप्रयाग निवासी नायब सूबेदार आनंद सिंह, लैंसडौन निवासी हवलदार कमल सिंह, टिहरी गढ़वाल निवासी नायक विनोद सिंह, रिखणीखाल निवासी राइफलमैन अनुज नेगी और टिहरी के थाती दांगल निवासी राइफलमैन आदर्श नेगी हैं। आतंकी हमले की खबर कल रात को ही लोगों को पता चल गई थी। लेकिन, जवानों के बारे में सुबह ही लोगों की सूचना मिली।
[recent_post_slider design=”design-18″ show_date=”false” show_author=”false” show_category_name=”false” show_content=”false” image_size=”thumbnail” dots=”false” autoplay=”false” lazyload=”progressive”]
Kathua Terror Attack: 22 गढ़वाल के 5 जवान शहीद, 5 गंभीर घायल, सेना ने पूरे इलाके की घेराबंदी की
दोपहर में पत्नी से हुई थी फोन पर बात, रात में आई बलिदान की सूचना
ग्राम नौदानू निवासी हवलदार कमल सिंह की पत्नी व दोनों बच्चे कोटद्वार के पदमपुर में किराये के कमरे में रहते हैं। कल दोपहर करीब एक बजे कमल की अपनी पत्नी से वीडियो कॉल पर बात हुई थी, जिसमे उन्होंने गश्त के लिए निकलने की बात कही थी। कमल 22 गढ़वाल राइफल में तैनात थे। उन्हें देर रात कमल के बलिदान की सूचना मिली, जिसके बाद वे घर चले गए।
कमल 20 जून को क्षेत्र में संपन्न हुई पूजा में प्रतिभाग कर कुछ दिन पूर्व ही ड्यूटी पर लौटे थे। मां भारती के लिए शहीद हुए कमल अपने घर के इकलौता चिराग थे। उनकी तीन बहने हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। कुछ वर्ष पूर्व कमल के पिता का देहांत हो गया था। घर पर उनकी माता और दादी रहते हैं। अपनी दोनों बेटियों के बेहतर शिक्षा के लिए कमल ने इसी गर्मी में बच्चों को गांव से कोटद्वार शिफ्ट किया था।
वहीं, कठुआ आतंकवादी हमले में बलिदान हुए 22 वर्षीय विनोद सिंह गढ़वाल राइफल में तैनात थे। बलिदानी का परिवार पिछले तीन वर्षों से डोईवाला के अठुरवाला में रह रहा है।
आठ महीने पहले हुई थी अनुज नेगी की शादी
जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले में सेवा के गश्ती दल पर हुए आतंकी हमले में बलिदान हुए प्रखंड रिखणीखाल के अंतर्गत ग्राम डोबरिया निवासी अनुज नेगी के परिवार में मातम का माहौल छाया हुआ है। अनुज के घर में उनके माता-पिता, पत्नी व छोटी बहन हैं। बीते वर्ष नवंबर माह में अनुज का विवाह हुआ था। अनुज मई माह के अंत में ही छुट्टी काट ड्यूटी पर वापस लौटे थे।
आदर्श के घर में छाया मातम
26 वर्षीय आदर्श टिहरी जिले के कीर्तिनगर ब्लॉक के थाती डागर गांव के रहने वाले थे। उनके पिता दलबीर सिंह नेगी गांव में ही खेतीबाड़ी का काम करते हैं। आदर्श की बारहवीं तक की पढ़ाई राजकीय इंटर कॉलेज पिपलीधार से हुई। 2019 में वह गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हो गए। आदर्श तीन भाई बहन में सबसे छोटे थे। उनकी बहन की शादी हो चुकी है और भाई चेन्नई में नौकरी करता है। वह इसी साल फरवरी में अपने ताऊ के लड़के की शादी में घर आए थे।