अल्मोड़ा में हादसा : उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में भिकियासैंण इलाके के शिलापनी में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुबह-सुबह एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। जिसमें सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। 12 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसा भिकियासैंण विनायक मार्ग पर शिलापनी के पास हुआह है। बताया जा रहा है कि बस पहाड़ी क्षेत्र से रामनगर की ओर जा रही थी। बस में करीब 12 से 18 यात्री सवार थे।

हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही छह यात्रियों की मौत हो गई। पांच शवों को घटनास्थल से बाहर निकाला गया। एक अन्य मृतक की पुष्टि बाद में हुई है। एक घायल महिला की मौत सीएचसी भिकियासैंण अस्पताल में हुई। जिसके बाद मरने वालों की संख्या सात पहुंची है। मृतकों की पहचान और वह कहां के रहने वाले हैं, इसका पता प्रशासन लगा रहा है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही अल्मोड़ा पुलिस, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं।

राहत बचाव अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। जिसमें घायलों को खाई से निकालकर चिकित्सा सहायता दी जा रही है। पुलिस के अनुसार खाई की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, हालांकि युद्धस्तर पर बचाव कार्य जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर सड़क की स्थिति और चालक द्वारा नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
मृतकों की सूची
- गोविंद बल्लभ (80 वर्ष), जमोली निवासी
- पार्वती देवी (75 वर्ष), उनकी पत्नी, जमोली निवासी
- सूबेदार नंदन सिंह अधिकारी (65 वर्ष), जमोली
- तारा देवी (50 वर्ष), बाली
- गणेश (25 वर्ष)
- उमेश (25 वर्ष)
- एक अज्ञात युवक (पहचान प्रक्रिया जारी)
घायलों की सूची
- नंदा बल्लभ (50 वर्ष), नौबाड़ा
- राकेश कुमार (40 वर्ष), नौबाड़ा
- नंदी देवी (40 वर्ष), सिंगोली
- हंसी सती (36 वर्ष), सिंगोली
- मोहित सती (16 वर्ष), नौघर
- बुद्धि बल्लभ (58 वर्ष), अमोली
- हरीचंद्र (62 वर्ष), पाली
- भूपेंद्र सिंह (64 वर्ष), जमोली
- जितेंद्र रेखाड़ी (37 वर्ष), विनायक
- बस चालक नवीन चंद्र (55 वर्ष)
- हिमांशु पालीवाल (17 वर्ष)
- प्रकाश चंद (43 वर्ष), चचरौटी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकग्रस्त परिवारों को धैर्य की प्रार्थना की। सीएम ने जिला प्रशासन को घायलों को तत्काल बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक्स पर दुख जताया







