सीएम धामी ने कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में 215 नवनियुक्त उपनिरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 104 उप-निरीक्षक, 88 गुल्मनायक (PAC) एवं 23 अग्निशमन द्वितीय अधिकारी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों से कहा कि अब तक की उनकी परीक्षा केवल शुरुआत थी असली परीक्षा अब शुरू हो रही है। प्रदेश की सुरक्षा, कानून व्यवस्था, आपदा प्रबंधन एवं अग्निशमन जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ करना होगा।
उन्होंने जोर देकर कहा कि उत्तराखंड दो अंतरराष्ट्रीय एवं दो आंतरिक सीमाओं से लगा राज्य है। यहां शांति बनाए रखने के साथ नशा, साइबर क्राइम, महिला अपराध, यातायात, आपदा प्रबंधन, चारधाम यात्रा एवं कांवड़ यात्रा जैसे मोर्चों पर पुलिस की प्रभावी भूमिका अपेक्षित है। पीएम नरेंद्र मोदी के स्मार्ट पुलिस विजन का उल्लेख करते हुए सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल को आधुनिक तकनीक, अत्याधुनिक उपकरणों और उत्कृष्ट प्रशिक्षण से लैस करने के लिए कटिबद्ध है। बीते तीन वर्षों में पुलिस कर्मियों के आवास के लिए लगभग 500 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा शुरू की गई है तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और डेटा एनालिटिक्स जैसी उन्नत तकनीकों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन प्रयासों से पुलिस का दक्षता स्तर राष्ट्रीय मानकों से ऊपर पहुंच गया है। महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उत्तराखंड पुलिस के प्रदर्शन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य ने महिला अपराधों के निस्तारण में राष्ट्रीय औसत से दोगुनी सफलता हासिल की है। गृह मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार पॉक्सो एवं महिला अपराधों के मामलों में देश में पांचवां स्थान प्राप्त किया गया है। उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके फलस्वरूप चार वर्षों में 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। सभी परीक्षाएं पूरी तरह निष्पक्ष हो रही हैं।
सीएम ने नवनियुक्त कार्मिकों से अपेक्षा की कि वे ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण से कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे तथा राज्य की शांति, सुरक्षा एवं जनता के विश्वास को मजबूत बनाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए पुलिस को चारधाम एवं कांवड़ यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतनी होगी। हाल ही में आई आपदाओं में पुलिस की भूमिका सराहनीय रही, जिससे सैकड़ों जानें बचाई गईं।
यह भी पढ़ें : सैनिकों के कल्याण के लिए सरकार सक्रिय : सीएम धामी








