महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर चारधाम यात्रा 2026 की शुरुआत की औपचारिक घोषणा कर दी गई। केदारनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 22 अप्रैल को प्रातः 8 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने की तिथि ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में रावल एवं धर्माचार्यों की उपस्थिति में विशेष पूजा-अर्चना के बाद तय की गई। परंपरा के अनुसार शीतकालीन गद्दीस्थल से चल उत्सव डोली केदारनाथ के लिए प्रस्थान करेगी। 18 अप्रैल को भैरवनाथ पूजा संपन्न होगी। 19 अप्रैल को डोली ऊखीमठ से फाटा के लिए रवाना होगी। 20 अप्रैल को गौरीकुंड में रात्रि विश्राम के बाद 21 अप्रैल को डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी।
23 अप्रैल को खुलेंगे बदरीनाथ मंदिर के कपाट

बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को प्रातः 6:15 बजे ब्रह्म मुहूर्त में खोले जाएंगे। कपाट खुलने की तिथि पूर्व में वसंत पंचमी के अवसर पर घोषित की गई थी। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट परंपरा के अनुसार 19 अप्रैल (अक्षय तृतीया) को खोले जाएंगे। मंदिर समिति द्वारा सटीक मुहूर्त की घोषणा शीघ्र की जाएगी। चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है। शासन-प्रशासन ने यात्रा मार्गों की मरम्मत, सुरक्षा प्रबंध और सुविधाओं को दुरुस्त करने की तैयारियां तेज कर दी हैं।








