Uttarakhand में शराब 15 दिसंबर से महंगी हो जाएगी। प्रति बोतल 40 से 100 रुपये दाम बढ़ सकते हैं। राज्य सरकार ने आबकारी नीति 2025-26 में संशोधन करते हुए एक्साइज ड्यूटी पर 12 फीसदी वैट लागू करने की तैयारी है। मीडिया से बातचीत में आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल ने बताया कि शासनादेश मिलने के बाद संशोधित दरों को पारदर्शी तरीके से लागू करने के लिए टाइम लाइन तय की गई है। इसके लिए विभाग को अनुरोध भी मिला था कि उन्हें एक हफ्ते का समय दिया जाए, जिसके तहत नई दरों को लागू करने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए 15 दिसंबर तक का समय दिया गया है।

बतादें कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में आबकारी विभाग ने नीति बनाते समय एक्साइज ड्यूटी से वैट को हटा दिया था। विभाग का कहना था कि पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में एक्साइज ड्यूटी पर वैट नहीं लगता है। दरअसल, उस समय तर्क दिया गया था कि पड़ोसी राज्य में वैट नहीं है। इसलिए आबकारी नीति को अन्य राज्यों के मुकाबले प्रतिस्पर्धी बनाने और अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए यह कदम उठाया गया। हालांकि, राज्य के वित्त विभाग ने इस कदम पर कड़ा ऐतराज जताया था। वित्त विभाग की आपत्ति के कारण एक्साइज ड्यूटी पर वैट को फिर से जोड़ने जा रहा है। इसके बाद कंट्री मेड अंग्रेजी शराब के पव्वे पर 10 रुपये और बोतल पर 40 रुपये का इजाफा होगा। विदेश से आने वाली अंग्रेजी शराब की बोतलों के दाम 100 रुपये तक बढ़ जाएंगे।








