उत्तराखंड में भी SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण ) की तैयारियां होने लगी हैं। बिहार के बाद देश के 12 राज्यों में यह प्रक्रिया चल रही है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने मंगलवार को सचिवालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक ली। इस दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की तैयारियों, BLA की नियुक्ति एवं ECI द्वारा दिए गए निर्देशों पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों को SIR की तैयारियों के दृष्टिगत 2003 की वोटर लिस्ट में शामिल मतदाताओं का वर्तमान मतदाता सूची में शत प्रतिशत मिलान के निर्देश दिए। सीईओ ने कहा कि जो मतदाता वर्तमान में दूसरे स्थानों पर शिफ्ट हो गए हैं, उनसे BLO व्यक्तिगत रुप से संपर्क कर उनकी निर्धारित कैटेगरी में मैपिंग करें। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य यह है कि मतदाताओं को SIR के समय किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिलाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि Booth Level Agents की शत प्रतिशत नियुक्ति के लिए राजनैतिक दलों के साथ पुनः बैठक की जाए। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं की सुविधा के लिए ECI-NET ऐप पर ‘Book a call with BLO’ की सुविधा दी गई है,जिसके जरिए मतदाता अपने BLO के साथ कॉल बुक कर सकते हैं।








