देहरादून में प्रेरणादायक फिल्म अजेय की विशेष स्क्रीनिंग उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित की गई। सवाल सामाजिक संस्था द्वारा माइक्रोसिनेप्लेक्स सिनेमा, द सिटी जंक्शन मॉल, आईएसबीटी में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। फिल्म उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन संघर्ष, संकल्प और नेतृत्व यात्रा पर आधारित है।

कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा कुसुम कंडवाल, संस्कृति एवं कला परिषद की अध्यक्षा मधु भट्ट, भावना डोभाल, जानकी नौटियाल, डॉ. स्वाति, पूर्व प्रदेश मंत्री ऋषभ रावत, प्रीति शुक्ला सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने सहभागिता की। फिल्म के लेखक शांतनु गुप्ता ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
शांतनु गुप्ता ने कहा कि अजेय केवल एक जीवनी फिल्म नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा, दृढ़ निश्चय और सकारात्मक नेतृत्व का प्रेरक दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि फिल्म का उद्देश्य विशेषकर युवाओं में आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को जागृत करना है।
कुसुम कंडवाल ने कहा कि इस प्रकार की फिल्में महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वहीं मधु भट्ट ने इसे संस्कृति और मूल्यों पर आधारित प्रभावी प्रस्तुति बताते हुए कहा कि ऐसी कृतियां समाज में सकारात्मक चेतना का संचार करती हैं।

संस्था की अध्यक्ष लक्ष्मी बिष्ट ‘मधु’ ने सभी अतिथियों और उपस्थित दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी समाजोन्मुखी और प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।








