उत्तरकाशी गंगोत्री हाईवे के पास डबरानी में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां पहाड़ी से गिरे चट्टान के बोल्डर की चपेट में कुछ वाहन आ गए। शुक्रवार को हुए इस हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, 8 लोग लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि दर्शन कर लौट रही तीर्थयात्रियों की एक गाड़ी पर डबरानी के पास बड़ी चट्टान के बोल्डर गिर गए। इससे गाड़ी पलट गई। कुछ और वाहन भी बोल्डरों की चपेट में आ गए। इस हादसे में एक मौत हो गई। 8 घायलों को रेस्क्यू कर दिया है। मौके पर पुलिस, प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान चलाया है। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ है, वहीं बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) इन दिनों सड़क की सुरक्षा दीवार बना रहा था।

जानकारी के मुताबिक, हर्षिल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कुल आठ घायलों को लाया है। कोई भी अभी बातचीत की स्थिति में नहीं है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर से यातायात को सुरक्षित स्थान पर रोक दिया गया है। गंगोत्री और हर्षिल के बीच करीब 500 वाहन रुके हुए हैं। मार्ग से बोल्डर को हटाने का कार्य काम जारी है। पूरी तरह मार्ग सुरक्षित होने के बाद ही वाहनों को छोड़ा जाएगा।
घायलों में कालसी देहरादून के सुभाष वोनियाल (40), बीना वोनियाल (38), दिव्यांशु (18), हिमांशु (16), मुजफ्फरनगर के नितेश, उनकी पत्नी मीरा, बेटियां विशाखा और राधा शामिल हैं। सुभाष बोनियाल और विशाखा की हालत गंभीर बताई जा रही है।