गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के स्टीवेंसन स्टेडियम में Uttarakhand राज्य अंतर-विश्वविद्यालय खेल एवं क्रीड़ा महोत्सव 2025-26 का भव्य उद्घाटन हुआ। मुख्य अतिथि माननीय राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह ने स्टेडियम में उपस्थित विद्यार्थियों और अधिकारियों के बीच खेल महोत्सव की औपचारिक शुरुआत की। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों का मशाल के साथ प्रवेश विशेष आकर्षण रहा। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच स्टेडियम में उत्साह और रोमांच का माहौल बन गया। समारोह के दौरान ध्वजारोहण, चांसलर ट्रॉफी का अनावरण और स्मारिका विमोचन भी किया गया। इसके बाद विभिन्न विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया। एकरूप वेशभूषा और अनुशासित कदमताल ने दर्शकों का मन मोह लिया। मार्च पास्ट के उपरांत विद्यार्थियों ने खेल भावना, निष्पक्षता और ईमानदारी की शपथ भी ग्रहण की।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि ये व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और नेतृत्व कौशल विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के माध्यम से उत्कृष्टता प्राप्त करें। 800 मीटर दौड़ में पुरुष और महिला वर्ग के प्रतिभागियों के जोश की सराहना करते हुए उन्होंने उन्हें बधाई दी।

कुलपति प्रो. मनमोहन सिंह चौहान ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी समान महत्व देता है, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और कुलसचिवों का आभार व्यक्त किया। कुलसचिव डॉ. दीपा विनय ने खेल महोत्सव की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी साझा की और बताया कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को विविध खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
722 विद्यार्थी ले रहे हैं भाग
महोत्सव में 10 विश्वविद्यालयों के लगभग 722 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। 800 मीटर दौड़ में पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान अंकित नांग (सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा), द्वितीय स्थान आषिफ (देव सुमन विश्वविद्यालय, टिहरी गढ़वाल) और तृतीय स्थान ललित सिंह (सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा) ने प्राप्त किया। महिला वर्ग में नीतू (कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल) ने प्रथम, चाँदनी (संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार) ने द्वितीय और शीतल भट्ट (सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा) ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को माननीय राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों के अलावा विश्वविद्यालय के छात्रों को खेल महोत्सव का लोगो, शुभंकर और अल्पना डिजाइन के लिए भी सम्मानित किया गया। समारोह के अंत में अधिष्ठाता छात्र कल्याण और आयोजन सचिव डॉ. ए.एस. जीना ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। मंचासीन अतिथियों में कुलपति प्रो. मनमोहन सिंह चौहान, कुलपति कुमाऊँ विश्वविद्यालय डॉ. डी.एस. रावत, कुलसचिव एवं अध्यक्ष आयोजक मंडल डॉ. दीपा विनय, अधिष्ठाता छात्र कल्याण और अन्य विश्वविद्यालयों के कुलपति एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।








