JOB : उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित 1347 सहायक अध्यापकों (एलटी) का इंतजार खत्म होने को है। 14 अक्टूबर को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। पटेलनगर स्थित राजकीय दून मेडिकल कालेज के प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। चयनित शिक्षकों को प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों में प्रथम तैनाती दी जाएगी।
प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि सहायक अध्यापक (एलटी) भर्ती को लेकर उच्च न्यायालय के आदेश के बाद उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने माध्यमिक शिक्षा विभाग को चयनित अभ्यर्थियों की सूची उपलब्ध करा दी है। इस क्रम में आयोग से चयनित 1347 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इस संबंध में विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राजकीय दून बतादें कि आयोग द्वारा घोषित भर्ती परिणाम को लेकर कुछ अभ्यर्थियों द्वारा उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई थी। न्यायालय ने सभी वादों का निस्तारण कर 1347 पदों पर नियुक्ति देने के आदेश पारित किये हैं जबकि शेष पदों को रिजर्व रखने को कहा गया है।
गढ़वाल मंडल को 681 तो कुमाऊं मंडल को मिलेंगे 671 शिक्षक

आयोग की ओर से उपलब्ध सूची के तहत गढ़वाल मंडल में सामान्य व महिला शाखा में 681 पदों पर शिक्षकों का चयन हुआ है। जिसमें हिंदी विषय में 112, अंग्रेजी में 98, संस्कृत में नौ, गणित में 66, विज्ञान व सामान्य विषय में 109-109, कला में 103, व्यायाम में 59, गृह विज्ञान में तीन, वाणिज्य में 11 व संगीत विषय में दो शिक्षक शामिल हैं। कुमाऊं मंडल में सामान्य व महिला शाखा में 671 पदों पर शिक्षकों का चयन हुआ है। जिसमें हिंदी विषय में 90, अंग्रेजी में 73, संस्कृत में 12, गणित में 89, विज्ञान में 88, सामान्य विषय में 128, कला में 127, व्यायाम में 45, गृह विज्ञान में आठ, संगीत में छह, उर्दू में एक व वाणिज्य विषय में चार शिक्षक शामिल हैं।