मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने Uttarakhand के दोनों मंडलों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए बहुउद्देशीय भवन बनाने को मंजूरी दे दी है। सचिवालय में समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और ओबीसी वर्ग के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य के दोनों मंडलों में ओबीसी समाज के लिए आधुनिक और सुविधायुक्त बहुउद्देशीय भवन बनाए जाएं।
इन भवनों में बैंक्वेट हॉल, गेस्ट हाउस, सभागार, प्रशिक्षण कक्ष और अन्य जरूरी सुविधाएं होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन भवनों का उपयोग सामाजिक कार्यक्रमों, शैक्षणिक गतिविधियों, प्रशिक्षण शिविरों और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए किया जा सकेगा। इससे समाज के लोगों को एक बेहतर मंच मिलेगा और उनकी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भवनों की डीपीआर जल्द तैयार की जाए और निर्माण कार्य में देरी न हो। मुख्यमंत्री ने यह भी जोर दिया कि सभी कार्य पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

बैठक में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए विशेष अभियान चलाए जाएं। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित निगरानी पर बल दिया, ताकि योजनाओं का असर जमीन पर दिखे। मुख्यमंत्री धामी ने दोहराया कि सरकार ओबीसी वर्ग के विकास के लिए शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर योजनाओं में सुधार भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को फायदा मिल सके। बैठक में आयोग के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।








