पंचायत चुनाव : जैसा कि माना जा रहा था कि पंचायत चुनाव में समर्पितों के सहारे ही भाजपा की नैया पार होगी, वैसे ही हुआ। दस पर भाजपा प्रत्याशियों ने विजय हासिल की। कांग्रेस को एक सीट से ही संतोष करना पड़ा। जबकि, नैनीताल की सीट पर परिणाम हाईकोर्ट के आदेश के बाद घोषित किया जाएगा। मतगणना के दौरान जमकर हंगामा भी हुआ। दरअसल,पांच जिलों में पहले ही भाजपा के जिला पंचायत अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। देहरादून में कांग्रेस की प्रत्याशी ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
सीएम धामी ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भाजपा अधिकृत जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशियों दौलत सिंह बिष्ट जी (चमोली), रचना बुटोला जी (पौड़ी), हेमा गैड़ा जी (अल्मोड़ा), पूनम कठैत जी (रुद्रप्रयाग) और शोभा आर्य (बागेश्वर) की ऐतिहासिक विजय पर बधाई व शुभकामनाएं दीं। भाजपा अधिकृत प्रत्याशियों ने 11 में से 10 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है। यह उपलब्धि जनता के विश्वास, संगठन की शक्ति एवं सतत जनसेवा के संकल्प का सशक्त प्रमाण है। उधर, नैनीताल जिला पंचायत चुनाव की वोट गिनती कड़ी सुरक्षा और वीडियोग्राफिंग के बीच पूरी हुई। नतीजों को सील कर हाईकोर्ट कोर्ट के निर्देशों के अधीन रखा गया है। डीएम ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत 22 जिला पंचायत सदस्यों के वोटों की गिनती की गई। नियमावली में री-पोलिंग का प्रावधान न होने के कारण सीधे काउंटिंग हुई। केवल बूथ कैप्चरिंग, तकनीकी खामी या बैलेट बॉक्स को नुकसान होने पर ही री-पोलिंग हो सकती है। चुनाव परिणाम सील्ड लिफाफे में रखा गया है, जिसे 18 अगस्त को हाईकोर्ट में पेश किया जाएगा।
किस जिले में कौन अध्यक्ष
टिहरी इशिता सजवाण, भाजपा
यूएस नगर अजय मौर्य, भाजपा
चंपावत आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा
पिथौरागढ़ जितेंद्र प्रसाद, भाजपा
उत्तरकाशी रमेश चौहान, भाजपा
चमोली दौलत सिंह बिष्ट, भाजपा
अल्मोड़ा हेमा गैड़ा, भाजपा
रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, भाजपा
पौड़ी रचना बुटोला, भाजपा
बागेश्वर शोभा आर्या, भाजपा
देहरादून सुखविंदर कौर, कांग्रेस
(नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के नतीजे आना शेष हैं, जबकि हरिद्वार जिले में पंचायत चुनाव नहीं हुए हैं।)
निर्णायक साबित हुए निर्दलीय
इस बार जिला पंचायत सदस्य की 358 सीटों में से 145 पर निर्दलीयों ने कब्जा जमाया था। 121 सीटों पर भाजपा समर्थित और 92 सीटों पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी जीते थे। देहरादून से लेकर पर्वतीय जिलों में जिपं अध्यक्ष पद की जीत में ये निर्दलीय किंगमेकर की भूमिका में नजर आए। देहरादून में कांग्रेस के पास 13 सदस्य थे, बाकी चार निर्दलीयों ने समर्थन दिया। इसी प्रकार, भाजपा को भी कई जिलों में इन निर्दलीयों ने वोट किया है।
भाजपा में उत्साह
पंचायत चुनावों के परिणाम से भाजपा उत्साहित है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा को मिली जीत 2027 के विधानसभा चुनाव में हैट्रिक का संदेश है। उन्होंने 85 प्रतिशत ग्राम प्रधान और 70 प्रतिशत ब्लॉक प्रमुख के पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के घोषित 11 परिणामों में से 10 में जीत दर्ज कर ली है। नैनीताल का परिणाम आना अभी बाकी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछली बार भाजपा के 50 ब्लाॅक प्रमुख जीते थे। इस बार हम 63 ब्लॉक प्रमुख बनाने में सफल हो रहे हैं। पंचायत चुनाव के नतीजे बता रहे हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी भाजपा की लहर थी। देवभूमि की जनता भाजपा के साथ खड़ी है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के 11 जिलों के परिणाम आएं हैं। इनमें से 10 जगह भाजपा की जीत हुई है। उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने मेहनत और लगन के साथ पार्टी को जीत के मुकाम तक पहुंचाया। उन्होंने पार्टी की जीत का श्रेय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार को भी दिया। उन्होंने कहा कि यह जीत सरकार के विकास कार्यों पर मुहर है। भट्ट ने कहा कि यह 2027 के विधानसभा चुनाव में हैट्रिक बनाने की ओर संदेश है। देहरादून में मिली हार पर भट्ट ने कहा कि पार्टी इस पर मंथन करेगी। सारे नतीजे आने के बाद समीक्षा की जाएगी। कहा कि हम तो जीत और हार दोनों में समीक्षा करते हैं। जहां हारे वहां जीत को आगे बढ़ाते हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भाजपा को प्रचंड विजय दिलाने के लिए देवभूमि उत्तराखण्ड की देवतुल्य जनता का हृदय से आभार।
यह विजय जनता के अटूट विश्वास और भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों की स्पष्ट स्वीकृति है, जो राज्य के सर्वांगीण विकास के संकल्प को और मजबूत करती है।@BJP4India… pic.twitter.com/fZUCMJLsvP
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) August 14, 2025
हरिश रावत का आरोप-पूर्व विधायक के साथ की गई मारपीट
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा, नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस पार्टी के समर्थन में वोट डालने जा रहे जिला पंचायत सदस्यों को उठाया गया। हरीश रावत ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा, नैनीताल हमारी शान है। यहां की जिला पंचायत का एक अभूतपूर्व व सम्मानजनक इतिहास रहा है। बृहस्पतिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को गुंडागर्दी के दम पर कब्जाने का प्रयास किया गया। पूर्व विधायक संजीव आर्य के साथ मारपीट की गई। साथ ही नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को धक्का दिया गया। राज्य निर्वाचन आयोग का दायित्व है कि वोट डालने से वंचित जिला पंचायत सदस्यों से वोट डलवाए जाएं।