पौड़ी हादसा : सड़क हादसे हर माह उत्तराखंड को गहरा जख्म दे रहे हैं। लोग अपनों को खो रहे हैं। लेकिन, जिम्मेदारों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। हर हादसे के बाद वह महज औपचारिकता निभाने में व्यस्त हो जाते हैं। रोड सेफ्टी की बात की जाती है। मगर, उसे लागू नहीं किया जाता। नतीजतन, लोग हादसों में अपनी जिंदगी से हाथ धो रहे हैं। रविवार को पौड़ी से देहलचौरी जा रही सवारियों से भरी बस सत्याखाल मोटर मार्ग पर क्यार्क और चूलधार के पास अचानक अनियंत्रित होकर 80 मीटर खाई में गिर गई। हादसे में छह यात्रियों की मौत हो गई है। जबकि, 22 घायलों को बेस अस्पताल श्रीनगर के लिए रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक रविवार की शाम तीन बजे पौड़ी से देहलचौरी जा रही सवारियों से भरी बस सत्याखाल मोटर मार्ग पर क्यार्क और चूलधार के पास अचानक अनियंत्रित होकर 80 मीटर खाई में गिर गई। हादसे के बाद बस में सवार में यात्रियों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला। जिन्हे एंबुलेंस व प्राइवेट वाहनों की मदद से जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान पांच लोगों ने दम तोड़ दिया।
पौड़ी में केंद्रीय विद्यालय की ओर जाने वाले मार्ग पर बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से चार यात्रियों के निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।…
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) January 12, 2025
पुलिस ने मृतकों की पहचान सुनीता (25) पत्नी नरेंद्र निवासी ग्राम डोभा, प्रमिला व उनका 17 वर्षीय पुत्र प्रियांशु, नागेंद्र और उनकी पत्नी सुलोचना निवासी केसुंदर, पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। वहीं, एसडीएम सदर दीपक रामचंद्र सेट ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की पौड़ी में और एक की बेस अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई है। 21 घायलों का उपचार बेस अस्पताल श्रीनगर में चल रहा है। एक घायल को उपचार के बाद जिला अस्पताल पौड़ी से छुट्टी दे दी गई है।
विधायक, डीएम व सीडीओ ने घायलों का जाना हालचाल
हादसे की सूचना मिलते ही विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, सीडीओ गिरीश गुणवंत के साथ ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घायलों का हालचाल जानने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। वहीं डीएम डॉ. चौहान ने बस हादसे की परिवहन विभाग के अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं।