National Skiing Championship 2026 : देशभक्ति की धुनों और रंग-बिरंगे परिधानों में सजे लोक कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों के बीच औली नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप एवं विंटर कार्निवल 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। चार दिनों (13–16 फरवरी) तक चलने वाला यह आयोजन खेल, संस्कृति और पर्यटन का अद्भुत संगम बन गया है। बड़ी संख्या में पर्यटक इन खेलों का लुत्फ उठाने पहुंचे हैं। इसका आयोजन पर्यटन विभाग ने गढ़वाल मंडल विकास निगम के सहयोग से कर रहा है। बर्फ की चादर ओढ़े औली की ढलानों पर देशभर से आए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेर रहे हैं।
प्रतिभागी टीमों के मार्च पास्ट और खिलाड़ियों की शपथ के बाद इंडिया-तिब्बत बार्डर पुलिस के जवानों ने मुख्य ढलान पर ऐसा स्कीइंग प्रदर्शन किया कि दर्शक रोमांच से झूम उठे। महिला वर्ग में 3 किमी और पुरुष वर्ग में 5 किमी की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसके अलावा स्नो मैराथन, स्नो शू रेस, औली मैराथन, बच्चों के स्नो गेम्स, चेयरलिफ्ट राइड और योगा इन द स्नो जैसी गतिविधियां पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बनी हुई हैं। इससे पहले 13 फरवरी को पर्यटन मंत्री सतपाल ने खेलों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि औली सिर्फ उत्तराखंड का ही नहीं, बल्कि देश का गौरव है। यहां विश्वस्तरीय स्कीइंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर हम इसे अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करेंगे।
चमोली के औली में आयोजित हो रही नेशनल स्कीइंग चैम्पियनशिप के दूसरे दिन जाइंट सलालम पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता के साथ स्पर्धाओं का शुभारंभ हो गया है। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के 45 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। आज स्नो बोर्ड स्पर्धा का भी आयोजन किया जाएगा।#Auli… pic.twitter.com/g8efxjwcyM
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) February 14, 2026
संस्कृति की रंगत, लोकधुनों की महक
खेलों के साथ-साथ विंटर कार्निवल में उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति भी पूरे शबाब पर है। मशहूर लोक बैंड पांडव की प्रस्तुतियों ने माहौल में ऊर्जा भर दी। ढोल-दमाऊं की थाप पर थिरकते कलाकारों ने बर्फीली ठंड में भी गर्मजोशी का अहसास कराया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों के लिए मंच है बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को नई उड़ान देने वाला अवसर भी है।








