Uttarakhand : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में आयोजित उत्तरायणी कौतिक मेले का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने खटीमा में पर्वतीय विकास भवन के निर्माण की घोषणा करते हुए इसे क्षेत्र के विकास और पर्वतीय संस्कृति के संरक्षण की दिशा में अहम कदम बताया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भूमि चिन्हित कर शीघ्र डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरायणी केवल एक पर्व नहीं बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आस्था और जीवन-दर्शन का प्रतीक है। मकर संक्रांति के साथ सूर्य के उत्तरायण होने से नई ऊर्जा, नई शुरुआत और सकारात्मक बदलाव का संदेश मिलता है। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और लोक परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकारों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक वाद्ययंत्र हमारी अमूल्य धरोहर हैं। जब बच्चे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर नृत्य करते हैं और युवा लोकगीत गाते हैं, तो यह हमारी सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाता है। उन्होंने कलाकारों से आह्वान किया कि वे अपनी कला के माध्यम से संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं। मुख्यमंत्री धामी ने राज्य सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड में पारदर्शी और निष्पक्ष शासन को प्राथमिकता दी जा रही है। बीते साढ़े चार वर्षों में 200 से अधिक भ्रष्टाचारियों को सलाखों के पीछे भेजा गया है। वहीं, 27 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।

खटीमा के विकास कार्यों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। खटीमा में हाइटेक बस स्टेशन, आधुनिक औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार, नर्सिंग कॉलेज और 100 बेड के नए अस्पताल के निर्माण जैसे कार्यों से लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही युवाओं के खेल कौशल को निखारने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम के निर्माण की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।
महिला सशक्तिकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल नारा नहीं, बल्कि सरकार का मजबूत संकल्प है। उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने में महिलाओं की भूमिका अहम है। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार और सुरक्षा के क्षेत्र में महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका घर है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में खटीमा को विकास का मॉडल बनाया जाएगा।








