उत्तराखंड निकाय चुनाव : शहरी विकास विभाग ने 11 नगर निगमों के नगर प्रमुख पदों पर आरक्षण की सूची जारी की है। यह सूची उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1959 और अन्य संबंधित नियमों के तहत प्रस्तावित की गई है। इस अधिसूचना के जारी होने के बाद, शहरी विकास विभाग ने सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की हैं। सात दिन के भीतर आम नागरिक, राजनीतिक दल और अन्य संबंधित पक्ष इस प्रस्ताव पर अपनी राय दे सकते हैं।
यह भी पढ़ें : एंटीबायोटिक्स को बेअसर करने वाले Superbug को मात देने के लिए भारत में विकसित हुई दवा
अनंतिम सूची के मुताबिक, इस बार भी देहरादून मेयर का पद जनरल रहेगा। हल्द्वानी में मेयर का पद जनरल से ओबीसी कर दिया गया है। नगर निगम देहरादून का मेयर पद इस बार भी सामान्य रहेगा। नगर निगम ऋषिकेश में मेयर पद अनुसूचित जाति, हरिद्वार में ओबीसी महिला, रुड़की में महिला का हो गया है। कोटद्वार का मेयर पद पिछले चुनाव में महिला था, जो कि सामान्य हो गया है। नगर निगम रुद्रपुर का मेयर पद एससी से बदलकर जनरल, काशीपुर का ओबीसी से बदलकर सामान्य,हल्द्वानी का जनरल से बदलकर ओबीसी हो गया है।
नगर पालिका रहते हुए पिथौरागढ़ में अध्यक्ष का पद सामान्य था, जो नगर निगम बनने के बाद महिला का हो गया है। इसी प्रकार अल्मोड़ा में पालिकाध्यक्ष का पद सामान्य था, जो इस बार निगम बनने के बाद महिला हो गया है। नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों में भी इस वार कई पदों के आरक्षण बदलने से किसी को झटका लगा, तो किसी का चुनाव में टिकट की दावेदारी का रास्ता साफ हो गया है।
पहली बार… एक ही दिन में होगा 102 निकायों में चुनाव
ऐसा पहली बार हो रहा, जबकि राज्य के सभी 102 निकायों में चुनाव एक तिथि पर होने जा रहे हैं। 2018 में नगर निगम रुड़की समेत कई निकायों में चुनाव नहीं हुए थे। वहां एक साल देरी से चुनाव हुए थे, लेकिन उनका कार्यकाल अब खत्म हो चुका है।
यहां दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
सात दिन के भीतर निदेशक, शहरी विकास विभाग, 31/62, राजपुर रोड, निकट पाइन हॉल स्कूल, देहरादून को लिखित रूप में दे सकते हैं या ई-मेल आईडी direc- torudd@gmail.com पर भी भेज सकते हैं।
11 नगर निगमों के नगर प्रमुख पदों का आरक्षण
- देहरादून: अनारक्षित
- ऋषिकेश: अनुसूचित जाति
- हरिद्वार: अन्य पिछड़ी जाति (महिला)
- रुड़की: महिला
- कोटद्वार: अनारक्षित
- श्रीनगर: अनारक्षि
- रुद्रपुर: अनारक्षित
- काशीपुर: अनारक्षित
- हल्द्वानी: अन्य पिछड़ी जाति
- पिथौरागढ़: महिला
- अल्मोड़ा: महिला