Uttarakhand में निर्वाचन आयोग ने जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। 11 अगस्त को नामांकन होंगे। इसके साथ ही 14 अगस्त को मतदान व मतगणना होगी। बतादें कि प्रदेश के 12 जिलों में हुए त्रिस्तरीय पंचायतों के लिए जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान के कुल 10831 पदों के लिए चुनाव हुए। इनमें जिला पंचायत के 358 पद, क्षेत्र पंचायत के 2974 पद और ग्राम प्रधानों के 7499 पद शामिल हैं।
प्रदेश में इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव दो चरणों में कराए गए थे। इनमें कुल 69.16 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें पुरुषों की तुलना में महिलाओं का मतदान प्रतिशत अधिक रहा। पुरुषों ने 64.23 प्रतिशत और महिलाओं ने 74.42 प्रतिशत वोट डाले। अब आने वाले दिनों में गिले-शिकवे दूर करने, मान मनौव्वल का दौर और बहुत कुछ देखने और सुनने में आएगा। फाइनल स्कोर बोर्ड में 12 जिलों में छोटी सरकार के गठन के बाद साफ होगा कि भाजपा-कांग्रेस के हिस्से में राजनीतिक रूप से क्या आया। पिछली बार 12 जिला पंचायतों में 10 पर भाजपा और 2 पर कांग्रेस के अध्यक्ष थे।










