Uttarakhand ने व्यापार सुधार कार्य योजना (BRAP) 2024 में राष्ट्रीय स्तर पर पांच प्रमुख सुधार श्रेणियों में टॉप अचीवर्स पुरस्कार जीतकर अपनी प्रतिष्ठा बढ़ाई है। उत्तराखंड को व्यवसाय प्रवेश, निर्माण परमिट सक्षमकर्ता, पर्यावरण पंजीकरण, निवेश सक्षमकर्ता और श्रम विनियमन सक्षमकर्ता जैसे पांच सुधार क्षेत्रों में सर्वोच्च उपलब्धि हासिल करने वाला राज्य माना गया। यह राज्य की व्यवसाय सुगमता (EODB) यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
यह पुरस्कार मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित उद्योग समागम 2025 में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल द्वारा राज्य के उद्योग सचिव विनय शंकर पांडे और महानिदेशक एवं आयुक्त उद्योग डॉ. सौरभ गहरवार को प्रदान किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद भी उपस्थित रहे। 2015 में 23वें स्थान से लेकर BRAP 2024 में राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बनने की यह यात्रा उल्लेखनीय मानी जा रही है। उद्योग सचिव विनय शंकर पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और सतत पर्यवेक्षण में यह उपलब्धि प्राप्त करना गर्व का क्षण है।

उन्होंने बताया कि राज्य ने व्यवसायिक प्रक्रियाओं के पूर्ण डिजिटलीकरण के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन, रीयल टाइम ट्रैकिंग, अंतिम मंजूरी, नवीनीकरण और प्रोत्साहन वितरण जैसी सुविधाओं को सरल बनाया है। राज्य में 20 से अधिक विभागों में 200 से अधिक सेवाएं अब एकल खिड़की प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन प्रदान की जा रही हैं। प्रमुख विभाग जैसे राजस्व, श्रम, विकास प्राधिकरण, वन, सिंचाई, जल संस्थान और विद्युत इस प्रणाली में शामिल हैं।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा, हमारा लक्ष्य राज्य को औद्योगिक निवेश के लिए देश का अग्रणी गंतव्य बनाना है। BRAP 2024 में सर्वाधिक पुरस्कार मिलना हमारी नीतिगत पारदर्शिता, उद्योग-अनुकूल वातावरण और निवेशकों के विश्वास का प्रमाण है। औद्योगिक विकास प्रदेश की समृद्धि और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उत्पन्न कर रहा है।








