Uttarakhand : जबलपुर (मध्य प्रदेश) में आयोजित 45वीं राष्ट्रीय मास्टर्स चैंपियनशिप में गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड का मान बढ़ाया। देशभर से आए अनुभवी एथलीटों के बीच पंतनगर विश्वविद्यालय के प्रतिभागियों ने एक स्वर्ण, तीन कांस्य और एक रजत पदक जीतकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की ट्रिपल जंप प्रतियोगिता में सुदीष राय ने बेहतरीन तालमेल और तकनीक का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अतिरिक्त 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की जैवलिन थ्रो में रजनीश पांडेय ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 110 मीटर बाधा दौड़ में सुरेश राजपूत ने दमदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। वहीं 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की शॉटपुट स्पर्धा में उर्मिला तड़ियाल ने भी कांस्य पदक जीतकर महिला वर्ग में विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के महासचिव धर्मपाल शर्मा ने 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की लॉन्ग जंप में स्वर्ण तथा शॉटपुट में रजत पदक जीतकर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की। उनकी उपलब्धि ने यह संदेश दिया कि उम्र खेल प्रतिभा के मार्ग में बाधा नहीं बनती। स्टाफ स्पोर्ट्स क्लब के सदस्यों और विश्वविद्यालय परिवार ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए इसे पंतनगर के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। खिलाड़ियों की इस सफलता से विश्वविद्यालय में खेल गतिविधियों को और अधिक प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।








