Uttarakhand Weather : गंगोत्री धाम और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। इन दिनों गंगोत्री धाम में तापमान माइनस 11 से माइनस 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अत्यधिक ठंड के कारण भागीरथी नदी सहित केदारगंगा पूरी तरह जम गई है और नदी का पानी बर्फ की परतों के बीच से एक संकरे नाले की तरह बहता दिखाई दे रहा है। हालांकि पहाड़ों में हाल के दिनों में बारिश नहीं हुई है, इसके बावजूद लगातार साफ मौसम के बीच तापमान में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। ठंड बढ़ने से जनजीवन के साथ-साथ प्राकृतिक परिस्थितियां भी प्रभावित हो रही हैं।
गंगोत्री नेशनल पार्क के कनखू बैरियर इंचार्ज राजवीर रावत ने बताया कि गंगोत्री धाम क्षेत्र में भागीरथी और केदारगंगा नदी पूरी तरह जम चुकी है। उन्होंने कहा कि नदी में मोटी बर्फ जम गई है और पानी बर्फ के बीच से बह रहा है। कड़ी ठंड के बावजूद गंगोत्री नेशनल पार्क के वन विभाग के कर्मचारी पूरी मुस्तैदी के साथ शीतकालीन गश्त में जुटे हुए हैं। माइनस जीरो से भी नीचे के तापमान में वनकर्मी समुद्रतल से करीब तीन से चार हजार मीटर की ऊंचाई तक गोमुख और केदारताल क्षेत्र में लगातार गश्त कर दुर्लभ वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। राजवीर रावत ने बताया कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गश्त के दौरान वन कर्मियों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद पूरी टीम पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही है।
कोहरे का असर हवाई यातायात पर भी
देहरादून एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों में आज घने कोहरे की चादर छाए रहने से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कोहरे का सीधा असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला, जिससे कई उड़ानें समय पर लैंड नहीं कर सकीं। सुबह 7:55 बजे अहमदाबाद से देहरादून आने वाली इंडिगो की उड़ान एयरपोर्ट पर नहीं उतर पाई। यह उड़ान करीब 10:30 बजे तक देहरादून एयरपोर्ट के आसपास और हरिद्वार के आसमान में गोल चक्कर लगाती रही। वहीं भुवनेश्वर से देहरादून आ रही इंडिगो की एक अन्य उड़ान भी कई बार आसमान में चक्कर लगाने के बाद जयपुर के लिए डायवर्ट कर दी गई। घने कोहरे के कारण पूरे क्षेत्र में दृश्यता बेहद कम रही। स्थिति यह रही कि आसमान से कोहरा हल्की बारिश की बूंदों के रूप में नीचे गिरता नजर आया। लगातार बने कोहरे के चलते क्षेत्र में शीतलहर का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम की इस स्थिति को देखते हुए यात्रियों को उड़ान से पहले एयरलाइंस से अपडेट लेने की सलाह दी जा रही है।
यह भी पढ़ें : वैज्ञानिक सॉल्यूशन बता सकते हैं, अमल करना सरकार का काम : Prof. A P Dimri










