Tunnel Accident: दिवाली के दिन उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले से व्यथित करने वाली खबर है। उत्तरकाशी- यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर सिलक्यारा से डंडालगांव तक निर्माणाधीन टनल का एक हिस्सा आज सुबह अचानक टूट गया। उत्तरकाशी के एसपी अर्पण यदुवंशी ने बताया है कि करीब 36 मजदूर अंदर फंस गए हैं। पुलिस, SDRF, NDRF मौके पर पहुंची हुई है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। जैसे ही यह खबर सोशल मीडिया पर आई, लोग बाबा केदारनाथ से फंसे मजदूरों की रक्षा की कामना करने लगे हैं।
मलबा हटाने का काम फौरन शुरू कर दिया गया। मौके पर एंबुलेंस भी तैनात कर दी गई है जिससे विषम परिस्थितियों में फौरन मदद पहुंचाई जा सके। सीएम पुष्कर सिंह धामी लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं। दिवाली के दिन इस दुखद समाचार के मिलने के बाद प्रदेश के लोग सभी लोगों के सुरक्षित निकलने की प्रार्थना कर रहे हैं।
उत्तरकाशी में सिलक्यारा-डंडालगांव के बीच निर्माणाधीन टनल के एक हिस्से के टूटने का समाचार प्राप्त हुआ है। सभी श्रमिकों को सुरक्षित निकालने हेतु रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है, इस विषय में जिलाधिकारी से बात कर रेस्क्यू मिशन को तेज करने का निर्देश दिया है। ईश्वर से टनल में फंसे सभी कर्मचारियों के सकुशल बाहर निकलने की कामना करता हूं।
- सीएम पुष्कर सिंह धामी (दोपहर 1 बजे ट्वीट)
बताया गया है कि हादसा आज तड़के 5 बजे हुआ। वे मजदूर मुख्य द्वार से 200 मीटर अंदर फंसे हो सकते है। ऑलवेदर प्रोजेक्ट के तहत यह साढ़े चार किमी लंबी सुरंग बनाई जा रही है। ज्यादातर काम पूरा हो गया है। यह अगले साल मार्च तक तैयार होने वाली थी।
https://x.com/uttarakhandcops/status/1723589672356696403?s=20