उत्तराखंड में चल रही प्री-SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) में 85% मतदाताओं की मैपिंग पूरी कर ली गई है। पहली अप्रैल से प्रदेश में डोर-टू-डोर अभियान को और सघन करते हुए कम मैपिंग वाले बूथ पर स्पेशल फोकस करने की तैयारी है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि उत्तराखंड में मई-जून के महीने में एसआईआर का कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। हालांकि प्री-SIR मैपिंग में राज्य के दो बड़े मैदानी जिले देहरादून और ऊधम सिंह नगर पीछे चल रहे हैं।
प्री-SIR के 27 मार्च, 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य की सबसे कम मैपिंग वाली विधानसभाओं में ऊधम सिंह नगर की रुद्रपुर (69.32%), काशीपुर (72.80%) और देहरादून की धर्मपुर (70%), मसूरी (70.29%), राजपुर रोड (70.45%), देहरादून कैंट (71.07%), ऋषिकेश (72.72%) शामिल हैं। देहरादून की चकराता विधानसभा सीट पर सबसे अधिक 93.23% मैपिंग हुई है।
प्री-SIR में सबसे ज्यादा मैपिंग वाले जिलों में बागेश्वर(98.76%), अल्मोड़ा (93.54%), चंपावत (93.07%) और उत्तरकाशी (92.53%) शामिल हैं। वहीं सबसे कम प्री-SIR मैपिंग वाले जिलों में देहरादून (75.09%) और ऊधम सिंह नगर (77.92%) हैं।
अन्य जिलों में प्री-SIR मैपिंग प्रतिशत
- रुद्रप्रयाग – 92.37% (सबसे ज्यादा मैपिंग वाली विधानसभा – केदारनाथ – 93.34% )
- पिथौरागढ़ – 91.23% (सबसे ज्यादा मैपिंग वाली विधानसभा – डीडीहाट – 95.99% )
- टिहरी गढ़वाल – 90.89% (सबसे ज्यादा मैपिंग वाली विधानसभा – प्रतापनगर – 93.10% )
- चमोली – 90.31% (सबसे ज्यादा मैपिंग वाली विधानसभा – थराली – 92.53% )
- नैनीताल – 88.82% (सबसे ज्यादा मैपिंग वाली विधानसभा – भीमताल- 93.80% )
- पौड़ी – 88.48% (सबसे ज्यादा मैपिंग वाली विधानसभा – यमकेश्वर – 94.59% )
- हरिद्वार – 87.98% (सबसे ज्यादा मैपिंग वाली विधानसभा – मैंगलोर – 93.30% )
बीएलए बनाने में कांग्रेस आगे
उत्तराखंड में 11,733 पोलिंग बूथों के मुकाबले सभी दलों ने अभी तक 19116 बीएलए की ही नियुक्ति की है। भाजपा ने अब तक 9276, कांग्रेस ने 9506, सीपीआई (एम) ने 217, बीएसपी ने 117 बीएलए बनाए हैं। आम आदमी पार्टी और एनपीपी ने अभी तक एक भी बीएलए की नियुक्ति नहीं की है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देशन में प्रदेश में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण के प्री-SIR फेज में 85 प्रतिशत से अधिक मैपिंग का लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में प्रत्येक बूथ पर एब्सेंट, शिफ्टेड और डेथ (ASD) सूची तैयार की जा रही है ताकि मतदाता सूची के शुद्धिकरण कार्य और गहनता से किया जा सके। – डा. विजय कुमार जोगदंडे, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी
बुक ए कॉल विद बीएलओ
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं की सुविधा के लिए ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ के फीचर से मतदाता एक क्लिक पर अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक करा सकते हैं। इसके लिए मतदाता https://voters.eci.gov.in वेबसाइट पर विजिट करके या ECI-NET मोबाइल ऐप को डाउनलोड कर अपनी कॉल बुक करा सकते हैं। कॉल बुक कराने के बाद दो दिन के भीतर बीएलओ मतदाता से खुद संपर्क कर लेगा।











