सूचना विभाग के महानिदेशक और एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी शनिवार को साइकिल से कार्यालय पहुंचे। दरअसल, केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार ईंधन बचत की अपील कर रहे हैं। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों और आपूर्ति पर दबाव बना है। इसका असर भारतीय अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है। रुपये की कमजोरी और बढ़ते आयात बिल के चलते पेट्रोल-डीजल पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव बढ़ा है। ऐसे में केंद्र सरकार आम लोगों से ईंधन की बचत करने और वैकल्पिक साधनों के उपयोग की अपील कर रही है।
इसी कड़ी में बंशीधर तिवारी का साइकिल से कार्यालय पहुंचना केवल प्रतीकात्मक पहल नहीं बल्कि ईंधन बचत के प्रति जागरूकता का संदेश भी माना जा रहा है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि छोटी दूरी के लिए साइकिल का उपयोग किया जाए तो इससे ईंधन की बचत के साथ स्वास्थ्य को भी लाभ मिलेगा। उत्तराखंड सरकार भी इस दिशा में लगातार कदम उठा रही है। हाल ही में राज्य सरकार ने सप्ताह में एक दिन नो व्हीकल डे मनाने की पहल की घोषणा की थी, ताकि सरकारी कर्मचारियों और आम लोगों को सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग और साइकिल के उपयोग के लिए प्रेरित किया जा सके।
इसके अलावा राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने, चार्जिंग स्टेशन विकसित करने और सरकारी विभागों में ई-वाहनों के उपयोग पर भी जोर दिया जा रहा है। देहरादून समेत कई शहरों में स्मार्ट मोबिलिटी और साइकिल ट्रैक जैसी योजनाओं पर काम चल रहा है। बंशीधर तिवारी की यह पहल ऐसे समय में सामने आई है, जब ईंधन बचत केवल पर्यावरण का नहीं, बल्कि आर्थिक मजबूती और राष्ट्रीय हित का भी विषय बन चुकी है।










