पुष्कर सिंह धामी ने बीते चार वर्षों में सरकारी सेवा में चयनित हुए कार्मिकों को डिजिटल माध्यम से पत्र भेजकर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि वर्ष 2022 में उत्तराखंड की जनता ने उन्हें दूसरी बार प्रदेश का मुख्य सेवक बनने का दायित्व सौंपा। जनादेश की भावना के अनुरूप कार्यभार संभालने के साथ ही राज्य में बेरोजगारी दूर करने और सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए व्यापक भर्ती अभियान शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में राज्य सरकार लगभग 30 हजार से अधिक युवाओं को राजकीय सेवक के रूप में नियुक्ति दे चुकी है और यह अभियान लगातार जारी है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अब युवा अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम के दम पर सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की मेहनत के साथ राज्य सरकार के कठोर नकल विरोधी कानून तथा निष्पक्ष, ईमानदार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया ने योग्य प्रतिभाओं को सम्मान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने चयनित कार्मिकों से निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ अपने दायित्व निभाने की अपील करते हुए कहा कि राजकीय सेवक के रूप में वे मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता देते हुए आमजन की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कई चयनित युवाओं से दूरभाष पर बातचीत कर उन्हें जनसेवा के लिए उत्साहपूर्वक कार्य करने के लिए प्रेरित भी किया।










