भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में तापमान में लगातार वृद्धि होने की संभावना है। विशेष रूप से हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और देहरादून जनपदों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस अथवा उससे अधिक पहुंच सकता है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) द्वारा सभी जिलों के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी करते हुए संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। 19 मई को हरिद्वार में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने की संभावना जताई गई है। वहीं ऊधमसिंह नगर, देहरादून, नैनीताल एवं पौड़ी गढ़वाल में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चम्पावत तथा निचले चमोली क्षेत्रों में तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

20 मई को भी हरिद्वार एवं ऊधमसिंह नगर में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में 35 से 40 डिग्री सेल्सियस तथा टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चम्पावत एवं निचले पर्वतीय क्षेत्रों में 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है। 21 और 22 मई को भी प्रदेश के मैदानी जिलों में भीषण गर्मी का असर जारी रहने का अनुमान है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रह सकता है, जबकि देहरादून, नैनीताल एवं पौड़ी गढ़वाल में 35 से 40 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना व्यक्त की गई है।
SEOC ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि आमजन को अत्यधिक गर्मी से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए। दोपहर के समय अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग को हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी जनित बीमारियों से निपटने हेतु अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सुचारु बनाए रखने, विद्यालयों, निर्माण स्थलों एवं बाहरी कार्यों में लगे श्रमिकों के लिए विशेष एहतियात बरतने को कहा गया है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों जैसे संवेदनशील वर्गों के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।










