एनटीए ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट यूजी यानी CUET UG 2026 को लेकर अहम सूचना जारी की है। एजेंसी ने 28 मई 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा को बकरीद के कारण स्थगित करने का फैसला लिया है। अब इस परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान जल्द किया जाएगा।
आधिकारिक नोटिस में क्या कहा गया?
एनटीए की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के आदेश और बकरीद की छुट्टी में बदलाव को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। 28 मई को होने वाली दोनों शिफ्ट की परीक्षाएं अब आयोजित नहीं होंगी। एजेंसी ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक वेबसाइटों से ही अपडेट प्राप्त करें।
11 मई से जारी है परीक्षा
CUET UG अब देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में शामिल हो चुकी है। केंद्रीय विश्वविद्यालयों समेत कई बड़े शिक्षण संस्थानों में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए यह प्रमुख परीक्षा बन गई है। इस वर्ष परीक्षा 11 मई से 31 मई 2026 तक कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की जा रही है। परीक्षा के लिए 15 लाख से अधिक छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। ऐसे में परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव का असर लाखों अभ्यर्थियों पर पड़ता है।

ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- आवेदन संख्या और पासवर्ड दर्ज करें।
- लॉगिन करने के बाद सबमिट बटन पर क्लिक करें।
- स्क्रीन पर एडमिट कार्ड दिखाई देगा।
- एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।










