राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र स्थित लालपुर में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक सिटी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे लोगों पर चढ़ गई, जिससे छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस चालक को अचानक दौरा पड़ने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। घटना के बाद चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें : नगरासु गुरुद्वारा प्रकरण: एक विवाद, कई सवाल…अब जांच, संवाद और सुरक्षा पर टिकी नजरें
हादसे के बाद घायल काफी देर तक सड़क पर तड़पते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शुरुआती समय में उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए कोई वाहन चालक आगे नहीं आया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने राह चलते वाहनों को रुकवाकर घायलों को अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। बताया जा रहा है कि समय पर एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया। कई लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस का सहयोग किया। दुर्घटना के कारण लालपुर क्षेत्र में लंबे समय तक यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया और हादसे की जांच शुरू कर दी है।










