उत्तरकाशी की मोरी तहसील के पवाणी गांव में अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने पीड़ितों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने ग्रामीणों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याएं और जरूरतें सुनीं तथा अधिकारियों को राहत, पुनर्वास और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर अग्निकांड में हुए नुकसान की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपने घर, जीवनभर की जमा पूंजी और जरूरी सामान खोया है, उनकी पीड़ा को समझना बेहद कठिन है। सरकार इस संकट की घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें दोबारा सामान्य जीवन की ओर लौटाने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को नुकसान का वास्तविक आकलन करने और प्रभावित परिवारों को घोषित आर्थिक सहायता के साथ उनकी जरूरतों के अनुरूप राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सर्दी और बर्फबारी से पहले सुरक्षित आवास की व्यवस्था
क्षेत्र में सर्दी बढ़ने और संभावित बर्फबारी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के रहने के लिए तत्काल सुरक्षित एवं समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार को प्रतिकूल मौसम में परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए प्रशासन आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करे।
अग्निकांड में घरों के साथ छह माह का राशन भी नष्ट होने से प्रभावित परिवारों के सामने खाद्यान्न संकट की आशंका है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आगामी छह माह के राशन की व्यवस्था करने तथा दैनिक जरूरतों का भी ध्यान रखने को कहा।

बच्चों की पढ़ाई नहीं होगी प्रभावित
अग्निकांड से प्रभावित बच्चों की शिक्षा को लेकर भी मुख्यमंत्री ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। आवश्यकता के अनुसार विद्यालय और अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि बच्चे नियमित रूप से पढ़ाई जारी रख सकें।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता देने तथा राहत कार्यों में संवेदनशीलता के साथ काम करने को कहा।
गांव की दीर्घकालिक जरूरतों पर भी होगा काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि पवाणी गांव की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य जरूरी विकास कार्यों पर भी विचार किया जाएगा। हालांकि, फिलहाल सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उनका पुनर्वास है।
उन्होंने कहा कि राहत केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रभावित परिवारों को फिर से अपने पैरों पर खड़ा करना, उनके जीवन में विश्वास और उम्मीद लौटाना तथा भविष्य को सुरक्षित बनाना सरकार का संकल्प है। किसी भी पीड़ित परिवार को अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा।
घटना के बाद लगातार संपर्क में रहे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने बताया कि अग्निकांड की जानकारी मिलते ही वह जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के संपर्क में थे। घटनाक्रम की लगातार जानकारी लेते हुए राहत एवं सहायता पहुंचाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है। सभी संबंधित विभाग पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ काम करें, ताकि पीड़ितों को राहत मिलने में देरी न हो।
इस दौरान विधायक दुर्गेश्वर लाल और ग्रामीणों ने अग्निकांड की घटना का तत्काल संज्ञान लेने, लगातार स्थिति की जानकारी लेने और प्रभावित परिवारों तक शीघ्र राहत पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री के स्वयं गांव पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात करने और उनकी समस्याएं सुनने पर भी ग्रामीणों ने धन्यवाद जताया।
मुख्यमंत्री ने पुनः आश्वस्त किया कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, उनकी मूलभूत जरूरतों की पूर्ति और गांव को फिर से व्यवस्थित करने के लिए सरकार लगातार कार्य करेगी।










