चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की आस्था लगातार उमड़ रही है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अनुसार, 30 मई तक श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम में कुल 17.51 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें 10 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने केदारनाथ धाम और 7.51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना की है। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि शासन, प्रशासन और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन समय-समय पर केदारनाथ यात्रा को कुछ स्थानों पर अस्थायी रूप से रोकता है। हालांकि यह केवल एहतियाती कदम होता है और मौसम सामान्य होते ही यात्रा को फिर से शुरू कर दिया जाता है। हाल ही में 29 और 30 मई को हेमंत द्विवेदी ने केदारनाथ धाम की यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने बताया कि अब तक दोनों धामों में कुल 17,51,780 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने इसे इस वर्ष की चारधाम यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि प्रभावी प्रबंधन, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न एजेंसियों के बेहतर समन्वय के कारण यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा प्रतिकूल मौसम की स्थिति में निर्धारित पड़ावों पर रुककर ही आगे की यात्रा करें।










