नैनीताल में झीलों के संरक्षण, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। सचिव ने चेतावनी दी कि जहां कार्य प्रारंभ नहीं हुए हैं वहां शीघ्र कार्य शुरू किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर कार्यदायी संस्थाओं में बदलाव भी किया जाए।
प्रमुख विकास परियोजनाओं की रूपरेखा
- भीमताल झील पुनर्विकास योजना (लागत: ₹25.67 करोड़)
- झील के आसपास स्थित प्रमुख पार्कों का पुनर्विकास।
- दीनदयाल पार्क के समीप बोटिंग डॉक का निर्माण।
- झील के किनारे 4,210 मीटर लंबा कॉबल स्टोन पैदल मार्ग।
- उद्यानों का सौंदर्यीकरण, पार्किंग सुधार, सोलर स्ट्रीट लाइटिंग और स्ट्रीट फर्नीचर की स्थापना।
- नौकुचियाताल झील सौंदर्यीकरण (लागत: ₹20.97 करोड़)
- बोटिंग स्टैंड, प्रतीक्षालय और टिकट काउंटर।
- फ्लोटिंग जेट्टी और 2,089 मीटर लंबा पैदल मार्ग।
- र्किंग सुविधा, गज़ीबो निर्माण, व्यूपॉइंट्स, लैंडस्केपिंग और सोलर लाइटिंग।
कमलताल क्षेत्र का विकास
- ओपन शॉपिंग सेंटर (प्लाज़ा) का निर्माण।
- 50 मीटर लंबा पैदल पुल और 100 मीटर पैदल मार्ग।
- पार्किंग व्यवस्था, सोलर लाइटिंग एवं लैंडस्केपिंग।
- ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने के प्रयास
- भवाली के लकड़ी टाल क्षेत्र में मल्टीलेवल कार पार्किंग व व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स परियोजना का कार्य लगभग 96 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। यहाँ बेसमेंट में पार्किंग तथा भूतल व प्रथम तल पर 40 दुकानों का निर्माण प्रस्तावित है। इसके पूरी तरह तैयार होने पर 124 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी।
- नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में सरोवर पार्किंग निर्माण के लिए ₹42.77 करोड़ की परियोजना स्वीकृत की गई है। इसके तहत 605 चार पहिया और 202 दो पहिया वाहनों के लिए आधुनिक पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी।
- नैनीताल क्लब के समीप नगर पालिका की भूमि पर ₹30.43 करोड़ की लागत से ऑटोमेटेड पार्किंग प्रस्तावित है। इससे 202 चार पहिया और 96 दो पहिया वाहनों को खड़ा करने की जगह मिलेगी।
- नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर स्थित अशोक पार्किंग स्थल का भी सचिव ने निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्व में स्वीकृत धनराशि का उपयोग करते हुए पार्किंग निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाए ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके।










