दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस वे का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया। इसी के साथ दिल्ली दूर नहीं का सपना साकार हो गया। यह एक्सप्रेसवे का लाभ तीन राज्यों को मिलेगा। 11,963 करोड़ की लागत से बने 213 किमी लंबे दून-दिल्ली ऐलिवेटेड एक्सप्रेस-वे की सौगात दी। इसके अलावा एक हजार मेगावाट क्षमता के देश के पहले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का भी लोकार्पण किया।
इससे पहले पीएम ने 12 किलोमीटर का लंबा रोड शो भी किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य रोड शो इस समय शहर के मुख्य मार्गों से गुजर रहा है। एलिवेटेड रोड से लेकर जसवंत मैदान तक, हर तरफ जनसैलाब उमड़ा हुआ है। इस मेगा रोड शो के समापन के बाद प्रधानमंत्री बहुप्रतीक्षित दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस वे का विधिवत लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री का काफिला जैसे ही एलिवेटेड रोड पर पहुंचा वहां मौजूद हजारों लोगों ने उन पर फूलों की वर्षा कर दी। मोदी अपने खुले वाहन से जनता का अभिवादन स्वीकार कर रहे हैं। प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए सड़कों के किनारे, छतों और यहां तक कि डिवाइडरों पर भी लोग डटे हुए हैं। कड़कड़ाती धूप के बावजूद स्कूली बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक का उत्साह चरम पर है। पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी जैसे दूरस्थ जिलों से आए पारंपरिक लोक कलाकारों की टोलियां अपने वाद्य यंत्रों के साथ इस स्वागत को और भी भव्य बना रही हैं।

LIVE: आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी द्वारा दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे पर भव्य रोडशो व वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर का निरीक्षण https://t.co/ok6xSaLksH
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) April 14, 2026
प्रधानमंत्री के इस रोड शो और लोकार्पण कार्यक्रम के लिए सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। इस बार सुरक्षा की कमान में नारी शक्ति की विशेष भूमिका दिख रही है। एसएसपी से लेकर कांस्टेबल रैंक तक की करीब 550 महिला पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात हैं। रोड शो के प्रस्तावित मार्ग पर सुरक्षा के ऐसे इंतजाम हैं कि परिंदा भी पर न मार सके।
प्रधानमंत्री का यह रोड शो सीधे लोकार्पण स्थल जसवंत मैदान पहुंचेगा। वहां पहुंचकर पीएम मोदी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे की पट्टिका का अनावरण कर इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस उद्घाटन के साथ ही उत्तराखंड और दिल्ली के बीच दूरी का इतिहास बदल जाएगा। अब दून से दिल्ली का सफर केवल 2.5 से 3 घंटे का रह जाएगा।

व्यवस्था में जुटे हजारों वाहन
भीड़ के दबाव को देखते हुए परिवहन विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। देहरादून और हरिद्वार से लोगों को लाने और ले जाने के लिए 2350 बसें और अन्य वाहन लगाए गए हैं। प्रशासन का मुख्य फोकस इस बात पर है कि रोड शो के दौरान और कार्यक्रम के बाद जनता को जाम या आवाजाही में कोई असुविधा न हो। प्रधानमंत्री बनने के बाद 28वीं बार उत्तराखंड पहुंचे मोदी के प्रति यह दीवानगी बता रही है कि इस इकोनॉमिक कॉरिडोर का इंतजार केवल यात्रियों को ही नहीं, बल्कि पूरी देवभूमि को था। अब से कुछ ही देर बाद प्रधानमंत्री रिमोट का बटन दबाकर उत्तराखंड की प्रगति को एक नई रफ्तार देंगे।










