सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र में लगातार 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर उन्हें तथा देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सशक्त, सक्षम और स्वाभिमानी भारत का सपना साकार हो रहा है। उनके मार्गदर्शन में देवभूमि उत्तराखंड भी विकास और नवोदय की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के अनेक नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों लोगों को पक्के घर मिले हैं, आयुष्मान भारत के माध्यम से करोड़ों नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है तथा मुद्रा योजना के जरिए लाखों उद्यमियों को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि पेयजल, मेट्रो रेल, डिजिटल भुगतान और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में भी देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है।
दुनिया का नेतृत्व कर रहा भारत
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत डिजिटल लेन-देन, रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष अनुसंधान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्टार्टअप और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सेना में स्थायी कमीशन देने जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने नारी शक्ति को नई दिशा प्रदान की है। साथ ही देश आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ भी निर्णायक कार्रवाई करने में सक्षम हुआ है।

उत्तराखंड को मिला विकास का नया आयाम
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड देश के विकास मॉडल का एक मजबूत उदाहरण बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि राज्य में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस-वे तथा कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं प्रदेश के विकास को नई गति दे रही हैं। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना तेजी से पूर्णता की ओर बढ़ रही है, जबकि टनकपुर–बागेश्वर रेल लाइन को भी मंजूरी मिल चुकी है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। वहीं हवाई संपर्क बढ़ाने के लिए जॉलीग्रांट, पंतनगर और पिथौरागढ़ एयरपोर्ट का विस्तार किया गया है तथा उड़ान योजना के अंतर्गत हेलीपोर्ट नेटवर्क विकसित किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : उत्तराखंड में SIR की शुरुआत, राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने भरे गणना फार्म
आध्यात्मिक पर्यटन को मिली नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से पर्वतमाला परियोजना के तहत रोपवे नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। गौरीकुंड–केदारनाथ और गोविंदघाट–हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाएं धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देंगी। इसके अलावा केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम पुनर्विकास परियोजनाएं तथा मानसखंड मंदिर माला मिशन राज्य की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को सशक्त बना रहे हैं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जमरानी, सौंग और लखवाड़ जैसी बहुउद्देशीय परियोजनाओं से सिंचाई, पेयजल और ऊर्जा क्षेत्र को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। वहीं किच्छा में एम्स सैटेलाइट सेंटर और एम्स ऋषिकेश में शुरू की गई देश की पहली हेली एम्बुलेंस सेवा स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बना रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के अमृतकाल में उत्तराखंड का प्रत्येक नागरिक इस परिवर्तन यात्रा का सहभागी बने। प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित, आत्मनिर्भर और विश्व का मार्गदर्शन करने वाला राष्ट्र बनेगा।










