उत्तराखंड में आवासीय एवं शहरी विकास परियोजनाओं को रफ्तार मिल रही है। इसी सिलसिले में आवास एवं राज्य संपत्ति सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने उधमसिंहनगर जनपद के रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचकर विकास प्राधिकरण की विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को समयबद्धता व गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने बागवाला में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगभग 156 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 1872 आवासों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए कहा कि इन आवासों का लोकार्पण शीघ्र कर पात्र लाभार्थियों को चाबियां सौंपी जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन लाभार्थियों ने अभी तक निर्धारित अंशदान जमा नहीं किया है, उनसे जल्द धनराशि जमा कराकर आवंटन प्रक्रिया तेज की जाए। विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने बताया कि योजना के तहत प्रति आवास 3 लाख रुपये की सरकारी सहायता मिलती है और 3 लाख रुपये लाभार्थी को देने होते हैं। अब तक 185 लाभार्थियों ने पूरी धनराशि जमा कर दी है, जबकि 222 को भुगतान के लिए सूचित किया गया है। जिला विकास प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि परिसर में साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, पौधारोपण का काम जारी है और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की टेस्टिंग भी सफल रही है। इस दौरान सचिव ने अधिकारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के लिए भी जमीन चिन्हित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद सचिव ने त्रिशूल चौक के पास लोनवि की 6.5 एकड़ भूमि का निरीक्षण किया, जहां प्रस्तावित ‘कुमाऊं कॉमर्शियल कुटीर’ बहुमंजिला परियोजना विकसित होनी है। अधिकारियों ने बताया कि इस आधुनिक आवासीय एवं व्यावसायिक परियोजना की प्रारंभिक डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी है। सचिव ने रामपुर रोड पर 48 एकड़ में 72 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर बनने से परिवहन व्यवसायियों को एक ही जगह सभी सुविधाएं मिलेंगी, जिससे क्षेत्रीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इसके उपरांत उन्होंने त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक सड़क चौड़ीकरण कार्य और कलेक्ट्रेट परिसर में बन रहे विकास प्राधिकरण कार्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उपाध्यक्ष जय किशन, सीडीओ दिवेश शाशनी, सचिव पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी और अधिशासी अभियंता गजेंद्र सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता व समयबद्धता को प्राथमिकता दी जा रही है।
यह भी पढ़ें : उत्तराखंड ने सौर ऊर्जा क्षेत्र में बनाई नई पहचान










