सोशल मीडिया पर फेक पोस्ट्स द्वारा डीजी सूचना बंशीधर तिवारी के खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है। उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में डीजी सूचना ने देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह को पत्र लिख कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकत करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाए। बिना तथ्य झूठे आरोप लगाकर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। डीजी सूचना का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व फर्जी आईडी बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से दुष्प्रचार कर रहे हैं।

डीजी सूचना बंशीधर तिवारी ने पत्र में कहा है कि “कतिपय व्यक्तियों द्वारा सोशल मीडिया पर मेरी छवि को धूमिल करने की साजिश के तहत बिना किसी तथ्य के आरोप लगाए जा रहे हैं, जिससे मेरी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही है। उन्होंने इस मामले में दोषियों की पहचान कर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने संबंधित पोस्टों और फेक आईडी के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे हैं। एसएसपी अजय सिंह ने पुष्टि की है कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि मामला साइबर सेल को जांच के लिए सौंपा गया है। जांच में फेक आईडी और पोस्ट के स्रोत का पता लगाया जा रहा है।








