पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक के रिखणीखाल-सतपुली मार्ग पर हुए एक हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। भंगल्वाण गांव के पास शनिवार को एक इको वैन अनियंत्रित होकर करीब 300 फुट गहरी खाई में जा गिरी। पौड़ी जिले के रिखणीखाल क्षेत्र में हुए भीषण हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने दुख जताया है।
हादसे का शिकार हुई महिलाएं भंगलवाड़ गांव के स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं। सभी सिद्धखाल में समूह की बैठक और अन्य काम निपटाकर इको वैन से गांव लौट रही थीं। इसी दौरान शनिवार को रिखणीखाल से करीब 25 किलोमीटर आगे रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास वैन अनियंत्रित होकर करीब 300 फुट गहरी खाई में गिर गई। वाहन में चालक समेत कुल 12 लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही राजस्व पुलिस, थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि हादसे में मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं मुख्यमंत्री धामी ने कलवाड़ी में हुई सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
हादसे में जान गंवाने वाले
कांति देवी (45) पत्नी दिनेश चंद्र, भंगलवाड़
रेखा देवी ( 42) पत्नी प्रेम सिंह, भंगलवाड़
सुमित्रा देवी (50) पत्नी रमेश सिह, भंगलवाड़
सुनीता देवी (45) पत्नी मदन सिह, भंगलवाड़
धनेश्वरी देवी (46) पत्नी किशन चंद्र, भंगलवाड़
सरोजनी देवी (38) पत्नी मोहन सिंह, भंगलवाड़
रजनी देवी (25) भंगलवाड़
अनिल देबराडा (48) पुत्र जयानंद, भंगलवाड़ (चालक)
घायल
शशि देवी (35) पत्नी गजेंद्र सिंह, भंगलवाड़
शकुंतला देवी (45) पत्नी महेंद्र सिंह, भंगलवाड़
जगदीश सिंह पुत्र भोपाल सिंह, भंगलवाड़
सत्यवती देवी (36) पत्नी जगदीश, भंगलवाड़










