Accident In Tehri टिहरी के कुंजापुरी के पास सोमवार को श्रद्धालुओं से भरी बस खाई में गिर गई। बताया जा रहा है कि बस में करीब 29 श्रद्धालु मौजूद थे। पांच की मौत की पुष्टि हुई है। जिसमें चार पुरुष एक महिला है। अन्य घायल हैं। आशंका जताई जा रही है कि मौतों की संख्या बढ़ सकती है। अधिकतर घायल गंभीर बताए जा रहे हैं। बस में सवार सभी लोग गुजरात और दिल्ली से कुंजापुरी दर्शन करने के लिए जा रहे थे, तभी बीच रास्ते में कुंजापुरी से पहले ये हादसा हो गया। बस संख्या Uk07pa 1769 हिंडोलाखाल के पास करीब 70 मीटर गहरी खाई में गिरी है। सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के निर्देशानुसार पोस्ट ढालवाला, पोस्ट कोटि कॉलोनी व SDRF वाहिनी मुख्यालय से SDRF की कुल पांच टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की जा चुकी है। एएसपी जेआर जोशी टिहरी गढ़वाल ने हादसे में पांच लोगों के मरने की पुष्टि की है।

हादसे के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर दुख व्यक्त किया। लिखा- टिहरी के नरेंद्रनगर कुंजापुरी मंदिर के समीप हुई बस दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुःखद है, ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। हादसे में घायलों को जिला प्रशासन और SDRF द्वारा नजदीकी अस्पताल भेजा जा रहा है, साथ ही गंभीर रूप से घायलों को AIIMS ऋषिकेश रेफर किया गया है। इस सम्बन्ध में निरंतर स्थानीय अधिकारियों से संपर्क में हूं। ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
ब्रेक फेल होने से हादसा
बताया जा रहा है कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग से कुछ पहले ही मंदिर मार्ग पर एक बस का ब्रेक फेल हो गया, जिसके कारण बस गहरी खाई में जा गिरी। स्थानीय पुलिस की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची है। जहां घायलों का रेस्क्यू जारी है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में कुल पांच यात्रियों की मौत हो गई है। जिसमें चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल है। अन्य घायलों के रेस्क्यू में बचाव दल जुटे हुए हैं। हादसे के तीन घायल एम्स, 4 एसडीएच, 17 चोटिल हैं, कुल 29 सवारियां बस में थीं। नरेंद्रनगर कुंजापुरी की पास बस हादसे की तकनीकी जांच को लेकर परिवहन विभाग की टीम देहरादून से रवाना हो गई है। आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी ने बताया टीम को सभी एंगल से दुर्घटना हुई बस का मुआयना करने को कहा गया है। जो भी जांच में सामने आएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।









