Uttarakhand : राज्य निगमों में कार्यरत संविदा, दैनिक वेतनभोगी एवं अंशकालिक कर्मचारियों के हितों को लेकर सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच सकारात्मक बात हुई है। राज्य निगम कर्मचारी महासंघ, उत्तराखंड के प्रतिनिधि मंडल ने प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रकाश राणाकोटी के नेतृत्व में सचिवालय देहरादून में सचिव, मुख्यमंत्री विनय शंकर पांडेय से शिष्टाचार भेंट कर कर्मचारियों से जुड़ी लंबित एवं ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
इस दौरान कर्मचारी नेताओं को सचिव ने बताया कि वर्ष 2018 के संशोधन से जुड़े विषयों के समाधान के लिए गठित हाई पावर कमेटी राज्य निगमों में कार्यरत कर्मचारियों के नियमितीकरण से जुड़े सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कमेटी की संस्तुतियों के आधार पर शीघ्र निर्णय लेकर आवश्यक आदेश जारी किए जाएंगे। बैठक में उत्तराखंड परिवहन निगम में कार्यरत संविदा कर्मचारियों के साथ-साथ विशेष श्रेणी के चालक, परिचालक एवं तकनीकी कर्मचारियों को नियमितीकरण नियमावली में सम्मिलित किए जाने का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया। इस पर सचिव ने बताया कि यह प्रस्ताव भी हाई पावर कमेटी के विचाराधीन है और लगभग एक सप्ताह के भीतर इस संबंध में निर्णय लेकर आदेश जारी किए जाने की संभावना है।
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रकाश राणाकोटी ने कहा कि सचिव के साथ हुई वार्ता कर्मचारियों के लिए सकारात्मक और आश्वस्त करने वाली रही। वर्षों से सीमित सुविधाओं में सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के लिए नियमितीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ना बड़ा और स्वागतयोग्य कदम है। प्रदेश महामंत्री नन्द लाल जोशी ने कहा कि महासंघ लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से लगातार कर्मचारियों की आवाज़ सरकार तक पहुंचा रहा है। सचिव महोदय द्वारा दिया गया आश्वासन यदि तय समय सीमा में पूरा होता है तो यह राज्य निगम कर्मचारियों के लिए ऐतिहासिक निर्णय होगा। बैठक में प्रतिनिधि मंडल की ओर से नन्द लाल जोशी, रविनन्दन कुमार, ओकार सिंह, मनोज कुमार, कुनालंद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।








