Uttarakhand : मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में देहरादून मोबिलिटी प्लान के संबंध में संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि देहरादून शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए लगातार नए और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है। बैठक में आढ़त बाजार, इंदिरा मार्केट सहित विभिन्न कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली गई। मुख्य सचिव ने निरंजनपुर मंडी को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने के लिए एमडीडीए को नई उपयुक्त जगह तलाशने के निर्देश दिए। साथ ही आढ़त बाजार के पुनर्निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने के निर्देश देते हुए कहा कि 20 जनवरी तक इसका शासनादेश जारी कर दिया जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को शहर के 6 प्रमुख जंक्शनों के सुधार के लिए 15 जनवरी तक जीओ जारी करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बनी पार्किंग का शत-प्रतिशत उपयोग न होने पर मुख्य सचिव ने चिंता जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि अब तक तैयार पार्किंग का 100 प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नगर निगम द्वारा लागू ऑन-रोड पार्किंग व्यवस्था को अन्य मार्गों पर भी लागू करने को कहा, ताकि लोग अपने वाहन सड़कों के बजाय पार्किंग स्थलों में खड़े करें। मुख्य सचिव ने परिवहन विभाग को दिसंबर माह में एसपीवी (SPV) रजिस्टर करने तथा जनवरी में पहली बोर्ड बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आशारोड़ी में सीज वाहनों के लिए बनाई जा रही पार्किंग को भी शीघ्र शुरू करने को कहा।

उन्होंने उम्टा (UMTA) द्वारा तैयार मोबिलिटी प्लान के तहत चिन्हित नए पार्किंग स्थलों की ग्राउंड ट्रुथिंग कराए जाने पर जोर दिया और कहा कि यदि ये स्थल उपयुक्त पाए जाते हैं तो वहां पार्किंग विकसित की जाए। इसके साथ ही परेड ग्राउंड में अंडरग्राउंड पार्किंग की फीजिबिलिटी स्टडी शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए। मुख्य सचिव ने शहर में खंभों पर बिना अनुमति लटके अवैध तारों के जाल को जल्द हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां-जहां अंडरग्राउंड बिजली केबल का कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां सड़कों की मरम्मत तत्काल की जाए।








